लोहड़ी की आग से कार जलकर राख, ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर किया बचाव

चंद्राचार्य चौक पर मंगलवार को आयोजित लोहड़ी समारोह में अचानक एक खड़ी कार में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। कार्यक्रम स्थानीय चंद्राचार्य व्यापार मंडल की ओर से हर साल आयोजित किया जाता है, जिसमें व्यापारी और स्थानीय लोग लोहड़ी जलाकर पर्व का आनंद लेते हैं।

सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस कर्मी तुरंत कार्रवाई में जुट गए और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। बीस मिनट के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। तब तक कार का अधिकांश हिस्सा जलकर राख हो चुका था।

सीपीयू इंचार्ज हितेश कुमार ने बताया कि आग बुझाने के लिए आसपास की दुकानों से अग्निशामक यंत्र मंगवाए गए और व्यापारियों की मदद से पानी की बाल्टियों के जरिए आग पर नियंत्रण किया गया। इस तत्परता की वजह से आसपास खड़ी अन्य कारों और दुकानों को नुकसान होने से बचाया जा सका। सौभाग्य से इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

व्यापारी फायर ब्रिगेड की समय पर न पहुँचने पर नाराज हैं, क्योंकि घटनास्थल से महज पांच मिनट की दूरी पर फायर ब्रिगेड का मुख्य कार्यालय स्थित है। प्रारंभिक जांच में बताया गया है कि हादसे का कारण लोहड़ी की आग की चिंगारी कार तक पहुंचना हो सकता है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि ट्रैफिक पुलिस कर्मी तुरंत न पहुंचते, तो आग आसपास की दुकानों और वाहनों तक फैल सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस और प्रशासन ने इस घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

इस घटना ने लोगों को यह चेतावनी दी है कि पर्व उत्सव मनाते समय सुरक्षा नियमों का पालन अत्यंत आवश्यक है। व्यापार मंडल ने भी आग बुझाने के उपायों और भविष्य में सुरक्षा प्रबंधों को सख्ती से लागू करने का आश्वासन दिया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.