फरार आरोपित संजय कुमार पुलिस के हत्थे चढ़ा, लाखों की ठगी का मामला सुलझा

जमीन की धोखाधड़ी और चैक बाउंस के कई मामलों में फरार चल रहे शातिर ठग संजय कुमार को रानीपुर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित पर विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं और वह लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था।

जानकारी के अनुसार 08 मार्च 2024 को प्रमोद पुत्र फूल सिंह निवासी बी- ब्लॉक, टिहरी विस्थापित कालोनी रानीपुर, हरिद्वार ने पुलिस को तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि संजय कुमार और उसके तीन साथी जमीन बेचने के नाम पर 14 लाख रुपए हड़पने की कोशिश कर रहे थे। इसके अलावा उन्होंने पैसे मांगने पर घर में घुसकर मारपीट और गाली-गलौच भी की। पुलिस ने तफ्तीश के दौरान आरोपित के खिलाफ पुख्ता सबूत जुटाए।

संजय कुमार के खिलाफ केवल रानीपुर ही नहीं, बल्कि ज्वालापुर थाना क्षेत्र में भी जमीन बेचने-खरीदने के नाम पर लोगों को लाखों रुपए का नुकसान पहुंचाने के मामले दर्ज थे। इसके अलावा उसके खिलाफ न्यायालय में कई चैक बाउंस के मामले भी विचाराधीन थे। लगातार फरार रहने के कारण पुलिस ने आरोपित के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आज संजय कुमार को उसके मकान से धर दबोचा। वह नेशनल सर्विस सेंटर के निकट शनिदेव मंदिर, पीएसी रोड, टिहरी विस्थापित कालोनी, रानीपुर, हरिद्वार से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए चालान किया।

रानीपुर कोतवाली पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी से न केवल फरार आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है, बल्कि जनता के बीच कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के खिलाफ सख्ती का संदेश भी गया है। पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी आपराधिक घटना की सूचना तुरंत देने की अपील की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.