उत्तर भारत इन दिनों कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की चपेट में है। ठिठुरन बढ़ने के साथ-साथ जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 28 दिसंबर की सुबह उत्तर भारत के कई राज्यों में घने से अत्यंत घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई है, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात पर व्यापक असर पड़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, असम और मेघालय में कई स्थानों पर घना कोहरा छाया रहेगा। इसके अलावा बिहार, पूर्वी मध्य प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, ओडिशा और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में भी सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिल सकता है। कश्मीर घाटी में तापमान शून्य से नीचे चला गया है और आगामी दिनों में ताजा बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है।
उत्तर प्रदेश में शीतलहर का असर सबसे ज्यादा महसूस किया जा रहा है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में दिन का तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 3 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री रहा। गोरखपुर में दिन का तापमान 13.2 डिग्री तक गिर गया, जो औसत से 7 डिग्री कम है। प्रयागराज में अधिकतम तापमान 16.8 डिग्री, वाराणसी, बरेली, इटावा, बाराबंकी और आसपास के क्षेत्रों में भी तापमान 4 से 6 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। इटावा में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री तक पहुंच गया है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में कोहरे का प्रभाव सबसे अधिक देखने को मिल रहा है। सुबह के समय दृश्यता बेहद कम होने से वाहन चालकों को खासा सतर्क रहने की सलाह दी गई है। कई स्थानों पर हाईवे और ग्रामीण सड़कों पर यातायात धीमा पड़ा है।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक शीतलहर जारी रहने की संभावना जताई है। अनुमान है कि अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री के आसपास बना रहेगा। लोगों को सलाह दी गई है कि वे आवश्यक न