रुड़की। रुड़की प्रेस क्लब समिति (पंजीकृत) के वार्षिक चुनाव रविवार को शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हो गए। पूरे दिन चले मतदान के बाद जैसे ही परिणाम घोषित हुए, प्रेस क्लब परिसर में उत्साह और जश्न का माहौल बन गया। पत्रकारों ने ढोल-नगाड़ों और फूलमालाओं के साथ नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत किया।
चुनाव परिणामों के अनुसार अध्यक्ष पद पर दीपक मिश्रा ने शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने 31 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी तोशेंद्र पाल (15 वोट) और सुनील पटेल (5 वोट) को पीछे छोड़ा। एक मत निरस्त घोषित हुआ। महासचिव पद पर अश्विनी उपाध्याय ने 26 वोट हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी अनिल सैनी को 24 मत मिले। इस पद पर भी दो मत निरस्त हुए।
उपाध्यक्ष पद पर रियाज कुरैशी ने 31 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की, जबकि टीना शर्मा को 21 वोट मिले। सचिव पद पर नितिन कुमार ने 28 मतों के साथ विजय हासिल की और आयुष गुप्ता को 22 मत मिले। कोषाध्यक्ष पद पर विनीत त्यागी ने 32 मतों के साथ जीत दर्ज की, वहीं योगराज पाल को 18 मत प्राप्त हुए।
डायरेक्टर पद के लिए हुए मुकाबले में तीन प्रत्याशी मैदान में थे, जिनमें अंकित त्यागी (47 वोट) और दीपक अरोड़ा (28 वोट) विजयी रहे, जबकि सुमित सैनी को 22 वोट प्राप्त हुए। चुनाव में कुल सात पदों के लिए चौदह प्रत्याशियों के बीच मुकाबला हुआ।
चुनाव प्रक्रिया सुबह से ही पारदर्शी ढंग से प्रारंभ हुई। मतदान के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और मतगणना पूरी पारदर्शिता के साथ कराई गई। परिणामों की घोषणा के साथ ही प्रेस क्लब परिसर में जश्न का माहौल बन गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष दीपक मिश्रा ने सभी सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता पत्रकारों के हितों की रक्षा, संगठन को मजबूत करना और प्रेस क्लब की गरिमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नई कार्यकारिणी पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेगी।
चुनाव संचालन समिति में सुभाष सक्सेना, अरुण सोनकर, महेश्वर सिंह, मनोज जुयाल, मुकेश पांडेय, अभिषेक शर्मा व संदीप पोहिवाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में वरिष्ठ पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे, जिन्होंने नवनिर्वाचित टीम को शुभकामनाएं दीं।