हरिद्वार में क्रिसमस कार्यक्रम को लेकर विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। श्री गंगा सभा के गंगा सेवक दल के सचिव और तीर्थ पुरोहित उज्ज्वल पंडित ने उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा संचालित होटल भागीरथी में 24 दिसंबर को प्रस्तावित क्रिसमस कार्यक्रम का कड़ा विरोध करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन गंगा जी के पावन तट पर किया जाना हिंदू भावनाओं के साथ खिलवाड़ है।
उज्ज्वल पंडित ने बयान में कहा कि उत्तर प्रदेश को आज हिंदू पर्वों और धार्मिक आयोजनों का केंद्र माना जाता है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं हिंदू धर्म के ध्वजवाहक हैं, ऐसे में उनके नेतृत्व वाली सरकार के पर्यटन विभाग द्वारा संचालित होटल में इस प्रकार का आयोजन करना हिंदू समाज के लिए सीधी चुनौती है।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि गंगा तट के समीप बने होटल भागीरथी में क्रिसमस कार्यक्रम किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि इसके बावजूद कार्यक्रम आयोजित करने का प्रयास किया गया, तो गंगा सेवक दल इसका पुरजोर विरोध करेगा और आयोजन को किसी भी कीमत पर होने नहीं देगा।
इस बयान के बाद प्रशासन और पर्यटन विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है।