हल्द्वानी में एक बार फिर चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। कुसुमखेड़ा क्षेत्र स्थित राधिका ज्वेलर्स में देर रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलते हुए सोने-चांदी के कीमती आभूषण चोरी कर लिए। बताया जा रहा है कि चोर दुकान के पीछे बने रास्ते से भीतर दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुकान के बगल में चल रहे निर्माण कार्य का फायदा उठाकर चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को भेद दिया। सुबह जब दुकान स्वामी ने दुकान खोली तो अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही मुखानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। इसके साथ ही फोरेंसिक टीम ने भी दुकान के भीतर और आसपास से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।