उत्तरकाशी: शॉर्ट सर्किट से लगी आग, घर का सारा सामान जलकर राख

उत्तरकाशी जनपद के बड़कोट तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत बसराली में शनिवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक आवासीय मकान में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।

जानकारी के अनुसार, बसराली गांव निवासी जशपाल राणा के मकान में अचानक आग भड़क उठी। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में घर के भीतर रखा घरेलू सामान, कपड़े और अन्य जरूरी वस्तुएं जलकर नष्ट हो गईं।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने बिना देर किए बाल्टियों और अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, जिससे आग आसपास के घरों तक फैलने से पहले ही नियंत्रित कर ली गई। पीड़ित जशपाल सिंह राणा ने घटना की जानकारी बड़कोट तहसील प्रशासन को दी है और प्रशासन से आर्थिक सहायता एवं उचित मुआवजे की मांग की है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.