After Header-1

87.50 करोड़ का बकाया: सुभारती कॉलेज पर प्रशासन सख्त, कुर्की की कार्रवाई शुरू

देहरादून जिले में बड़े बकायेदारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष वसूली अभियान के तहत जिला प्रशासन ने सुभारती समूह के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। प्रशासन ने सुभारती कॉलेज को 87.50 करोड़ रुपये के लंबित बकाया की वसूली के लिए नोटिस जारी करते हुए कुर्की की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सुभारती समूह से बकाया राजस्व की वसूली हर हाल में सुनिश्चित की जाए। प्रशासन का कहना है कि बार-बार नोटिस जारी करने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया, जिसके चलते यह कठोर कार्रवाई करनी पड़ी है।

जिला प्रशासन ने सभी तहसीलों के उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में छोटे और बड़े सभी बकायेदारों की सूची तत्काल तैयार करें। ऐसे बकायेदार, जो लंबे समय से देय राशि जमा नहीं कर रहे हैं या जानबूझकर भुगतान से बच रहे हैं, उनके खिलाफ विशेष वसूली अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने साफ कहा है कि राजस्व की हानि किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि बड़े बकायेदारों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए वसूली की दैनिक प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत की जाए।

प्रशासन की ओर से जारी कुर्की वारंट के तहत आने वाले दिनों में सुभारती संस्थान के बैंक खाते सीज किए जा सकते हैं और उसकी संपत्तियों को कुर्क करने की कार्रवाई भी संभव है। उल्लेखनीय है कि राज्य के चिकित्सा शिक्षा निदेशक ने सुभारती संस्थान से पूर्ण बकाया वसूली की सिफारिश जिलाधिकारी से की थी। इस कार्रवाई से जिले में राजस्व वसूली को गति मिलने की उम्मीद है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.