श्री खाटूश्याम महोत्सव की शुरुआत 11 निर्धन कन्याओं के विवाह से, नेहरू स्टेडियम बना साक्षी

रूड़की। नगर में दो दिवसीय श्री खाटूश्याम वार्षिक महोत्सव का शुभारंभ सोमवार को बड़ी धूमधाम के साथ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत ग्यारह निर्धन कन्याओं के सामूहिक विवाह समारोह से हुई, जो शहर में अपनी तरह का पहला आयोजन था।

अग्रवाल धर्मशाला से निकली बारात में ढोल-नगाड़ों, शहनाई और गाजे-बाजे के साथ श्याम प्रेमियों का उत्साह देखने लायक था। नगर भ्रमण करते हुए बारात जब नेहरू स्टेडियम पहुंची, तो वहां वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विवाह की रस्में पूरी की गईं। कन्याओं ने संपूर्ण फेरे लिए और कन्यादान की विधि संपन्न की गई।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे और इस पुण्य कार्य की सराहना की। श्याम भक्तों में इस अनूठे आयोजन को लेकर हर्ष और भावनात्मक माहौल देखने को मिला।

मंडल अध्यक्ष राहुल बंसल ने आयोजन की सफलता पर सभी नगरवासियों का आभार जताया और कहा कि ऐसे आयोजन समाज में प्रेम और सौहार्द बढ़ाते हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार, 4 दिसंबर को बाबा श्री खाटूश्याम जन्मोत्सव और भजन संध्या का भव्य आयोजन होगा, जिसमें देश के सुप्रसिद्ध भजन गायक प्रस्तुति देंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.