बिहार चुनाव 2025: कांग्रेस ने जारी की पहली लिस्ट, कौन-कौन बना उम्मीदवार?

नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर कांग्रेस पार्टी ने गुरुवार देर रात 48 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है। पार्टी ने यह सूची एआईसीसी महासचिव के.सी. वेणुगोपाल के हस्ताक्षर से जारी की। इस सूची में पहले चरण के 24 और दूसरे चरण के 24 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं।

कांग्रेस ने इस बारमहिलाओं को भी प्रमुखता दी है और कुल पाँच महिला उम्मीदवारों को टिकट दिया गया है। वहीं पार्टी ने अनुसूचित जाति (SC) की 10 सीटों और अनुसूचित जनजाति (ST) की एक सीट पर उम्मीदवार उतारे हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम स्वयं कुटुंबा (अनु.जा.) सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगे।

पहले चरण में जिन प्रमुख चेहरों को टिकट मिला है, उनमें सरिता देवी (सोंबरसा-एससी), बिजेंद्र चौधरी (मुजफ्फरपुर), ओम प्रकाश गर्ग (गोपालगंज), अमिता भूषण (बेगूसराय), कौशलेन्द्र कुमार ‘छोटे मुखिया’ (नालंदा) और शशांत शेखर (पटना साहिब) शामिल हैं।

दूसरे चरण की सूची में जयेश मंगल सिंह (बगहा), वासी अहमद (बेतिया), शकील अहमद खान (कदवा), अजीत कुमार शर्मा (भागलपुर), मनोहर प्रसाद सिंह (मनिहारी-एसटी) और नीतू कुमारी (हिसुआ) जैसे नाम प्रमुख हैं।

कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि वह आगामी चुनाव महागठबंधन (RJD, वाम दलों आदि) के साथ मिलकर लड़ेगी। पार्टी सूत्रों के अनुसार, बाकी सीटों की घोषणा जल्द की जाएगी। यह सूची जारी होते ही बिहार के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है, क्योंकि कांग्रेस ने कई नए और युवा चेहरों पर भरोसा जताया है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कांग्रेस इस बार बिहार में अपनी खोई जमीन वापस पाने की रणनीति पर काम कर रही है और इस सूची से उसका “संतुलित और सामाजिक समीकरण आधारित” चेहरा सामने आया है।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.