तिनसुकिया (असम)। असम के तिनसुकिया जिले के काकोपाथार क्षेत्र में गुरुवार देर रात हुए भीषण हमले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। अज्ञात हमलावरों ने सेना के एक सैन्य शिविर पर ग्रेनेड फेंकने के बाद अंधाधुंध गोलीबारी की, जिससे पूरा क्षेत्र गोलियों और धमाकों से गूंज उठा।
सूत्रों के अनुसार, हमला रात करीब 12:30 बजे हुआ। हमलावरों ने तीन अंडर बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (UBGL) दागे और इसके बाद करीब आधे घंटे तक लगातार फायरिंग जारी रही। धमाकों की तेज आवाज़ से आसपास के गांवों में अफरातफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावर एक ट्रक से आए थे और हमला करने के बाद फरार हो गए।
हमले में तीन जवान घायल हुए हैं, हालांकि सेना के शिविर को हुए नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया और काकोपाथार सहित आसपास के क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। एहतियात के तौर पर आम नागरिकों की आवाजाही पर भी रोक लगा दी गई है।
सुरक्षा एजेंसियों को शक है कि इस हमले के पीछे प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन उल्फा (इंडिपेंडेंट) का हाथ हो सकता है। यह हमला पिछले कुछ महीनों में ऊपरी असम का सबसे बड़ा उग्रवादी हमला माना जा रहा है।