गूंजी से आदि कैलाश तक 14500 फीट ऊंचाई पर अल्ट्रा मैराथन, 1000 से अधिक प्रतिभागियों ने किया रजिस्ट्रेशन

पिथौरागढ़। उत्तराखंड में 2 नवम्बर को गूंजी से आदि कैलाश तक 14500 फीट ऊंचाई पर आयोजित होने वाली अल्ट्रा मैराथन की तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। इस मैराथन का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में एडवेंचर टूरिज्म और होमस्टे संस्कृति को बढ़ावा देना है, ताकि बॉर्डर से लगे गांवों का आर्थिक और सामाजिक विकास हो सके।

पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल ने शुक्रवार को स्थानीय प्रशासन, संगठनों और ग्रामीण प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आयोजन की रूपरेखा और तैयारियों पर चर्चा की। सचिव ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और स्थानीय ग्रामीणों तथा टैक्सी यूनियन से सहयोग की अपील की। बैठक में स्थानीय लोगों ने भी आयोजन को और बेहतर बनाने के सुझाव साझा किए।

सचिव गर्ब्याल ने बताया कि यह मैराथन उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से न केवल एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि विंटर टूरिज्म को भी प्रोत्साहन मिलेगा। इससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे और सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन के नए आयाम स्थापित होंगे।

अब तक इस अल्ट्रा मैराथन के लिए एक हजार से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। आयोजन में हिस्सा लेने वाले एथलीट चुनौतीपूर्ण ऊंचाई और कठिन रास्तों का सामना करेंगे, जिससे मैराथन का रोमांच और भी बढ़ जाएगा।

उत्तराखंड सरकार की इस पहल से सीमांत गांवों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और राज्य में एडवेंचर टूरिज्म का नया अध्याय शुरू होगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.