राष्ट्रीय डाक सप्ताह: उत्तराखंड के 31 गांवों में नए पोस्ट ऑफिस खुलने का प्रस्ताव

देहरादून। राष्ट्रीय डाक सप्ताह के अवसर पर उत्तराखंड डाक परिमंडल ने राज्य में ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों तक डाक सेवाओं की पहुंच बढ़ाने की महत्वपूर्ण पहल की है। इसके तहत उत्तराखंड के 31 गांवों में नए पोस्ट ऑफिस खोलने का प्रस्ताव डाक निदेशालय को भेजा गया है। इस पहल से इन गांवों के लोगों को डाक विभाग की वित्तीय और अन्य सेवाएं आसानी से उपलब्ध होंगी।

राष्ट्रीय डाक सप्ताह 6 अक्टूबर से शुरू हुआ और विभिन्न थीम दिवसों के तहत मनाया गया। 6 अक्टूबर को प्रौद्योगिकी दिवस, 7 अक्टूबर को वित्तीय समावेशन दिवस, 8 अक्टूबर डाक टिकट एवं नागरिक केंद्रित सेवाएं दिवस और 9 अक्टूबर को विश्व डाक दिवस व ग्राहक दिवस के रूप में मनाया गया। देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड डाक परिमंडल की मुख्य पोस्टमास्टर जनरल शशि शालिनी कुजूर ने बताया कि डाकघर दूरस्थ जनता तक लघु योजनाओं से वित्तीय सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।

मुख्य पोस्टमास्टर जनरल ने कहा कि अब तक उत्तराखंड डाक परिमंडल में 90 हजार नए खाते खोले गए हैं। इसके अतिरिक्त बचत बैंक के 2.70 लाख खाते खोले गए हैं और डाक विभाग ने 103 करोड़ का राजस्व प्राप्त किया। महिला सशक्तिकरण के लिए 1 अप्रैल 2023 से शुरू हुई महिला सम्मान बचत पत्र योजना के तहत निवेशक 1,000 रुपये से 2 लाख रुपये तक निवेश कर सकते हैं, जिसमें दो वर्षों के लिए 7.5 प्रतिशत ब्याज दिया जाता है।

उत्तराखंड के सभी 13 जिलों में 18 डाकघर निर्यात केंद्र संचालित हैं, जिनमें रुड़की प्रधान डाकघर पर 2022 में खोला गया डाकघर निर्यात केंद्र भी शामिल है। इस केंद्र से अब तक परिमंडल को लगभग 1.2 करोड़ का राजस्व प्राप्त हो चुका है।

डाक विभाग ने विद्यार्थियों में डाक टिकट संग्रह और पत्र लेखन को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। इसके अंतर्गत “दीन दयाल स्पर्श योजना” और ढाई आखर पत्र लेखन प्रतियोगिता शामिल हैं। इसके साथ ही पीएलआई और आरपीएलआई योजनाओं में भी तेजी से बढ़ोतरी हुई है।

राष्ट्रीय डाक सप्ताह के दौरान राज्य में कई जिला स्तरीय डाक-टिकट प्रदर्शनी आयोजित की गईं। अल्मोड़ा मण्डल में “अल्मोड़ापैक्स” के अंतर्गत जागेश्वर धाम और कटारमल सूर्य मंदिर पर विशेष आवरण जारी किए गए। चमोली मण्डल में “चमोलीपैक्स” के तहत गोपीनाथ मंदिर और वसुधारा जलप्रपात पर विशेष आवरण तथा बद्रीनाथ धाम पर पर्मानेंट पिक्टोरियल कैंसलेशन जारी किया गया।

इसके अलावा, थुनेर (देहरादून, वसंतोत्सव), मसूरी (पक्षियों का स्वर्ग) और राष्ट्रीय वन्यजीव सप्ताह (भारतीय वन्यजीव संस्थान) पर भी विशेष आवरण जारी किए गए।

मुख्य पोस्टमास्टर जनरल ने कहा कि इन पहलों से न केवल ग्रामीण और सीमांत क्षेत्रों के लोग लाभान्वित होंगे, बल्कि युवाओं और महिलाओं को वित्तीय सेवाओं तक पहुंच मिलेगी और डाक विभाग की सेवाओं का महत्व बढ़ेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.