After Header-1

रेशमा की तलाश में अब तेज होगी कार्रवाई, सीएम धामी ने एसएसपी को दिए निर्देश

देहरादून। टिहरी गढ़वाल के प्रतापनगर क्षेत्र निवासी रेशमा देवी के लापता होने के मामले को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने परिजनों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाते हुए अधिकारियों को रेशमा की तलाश के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने इस संबंध में टिहरी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से फोन पर बात कर मामले की जानकारी ली। उन्होंने अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा करने और रेशमा की तलाश के लिए सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और पुलिस एवं प्रशासन को पूरी गंभीरता के साथ काम करना होगा।

धामी ने कहा कि किसी व्यक्ति का अचानक लापता होना उसके परिवार के लिए बेहद पीड़ादायक और संवेदनशील स्थिति होती है। ऐसे मामलों में पुलिस को हर संभावित पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच और तलाश की कार्रवाई आगे बढ़ानी चाहिए। उन्होंने उपलब्ध तकनीकी और वैज्ञानिक संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने पर भी जोर दिया, ताकि रेशमा की तलाश जल्द से जल्द पूरी हो सके।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि तलाश अभियान के साथ मामले की जांच को भी प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि अब तक सामने आए तथ्यों और संभावित पहलुओं की गंभीरता से समीक्षा की जाए तथा आवश्यकता के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाए।

उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि रेशमा के परिजनों को जांच और तलाश की प्रगति की जानकारी नियमित रूप से दी जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस संवेदनशील प्रकरण में परिवार को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएगी।

धामी ने पुलिस एवं प्रशासन को रेशमा की सकुशल तलाश के लिए हरसंभव प्रयास करने के निर्देश देते हुए कहा कि मामले में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई की जाए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.