After Header-1

सीएम धामी ने ‘गुलदस्ता’ का किया विमोचन, पत्रकारिता को लेकर कही बड़ी बात

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड प्रेस क्लब की स्मारिका ‘गुलदस्ता’ का विमोचन किया। इस अवसर पर प्रेस क्लब के पदाधिकारी, सदस्य और विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकार मौजूद रहे।

स्मारिका के विमोचन पर मुख्यमंत्री ने प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और पत्रकारों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि किसी संस्था की स्मारिका उसकी गतिविधियों, उपलब्धियों, विचारों और सामाजिक सरोकारों को एक जगह संजोने का महत्वपूर्ण माध्यम होती है। ‘गुलदस्ता’ में पत्रकारिता से जुड़े विभिन्न पहलुओं के साथ उत्तराखंड की सामाजिक, सांस्कृतिक और विकास यात्रा को प्रस्तुत करने का प्रयास सराहनीय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है। मीडिया समाज को जागरूक करने के साथ जनहित से जुड़े मुद्दों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाता है। सरकार की योजनाओं और नीतियों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने में भी मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। पत्रकार जब समाज के विभिन्न वर्गों की समस्याओं, उपलब्धियों और सरोकारों को सामने लाते हैं तो इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था और मजबूत होती है।

धामी ने कहा कि उत्तराखंड के निर्माण और विकास की यात्रा में पत्रकारिता जगत का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। राज्य आंदोलन से लेकर राज्य निर्माण और वर्तमान दौर तक पत्रकारों ने अपनी जिम्मेदारी निभाई है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। राज्य की उपलब्धियों, स्थानीय प्रतिभाओं, पर्यटन, संस्कृति, पर्यावरण और नवाचारों को देश-दुनिया तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ की भावना के साथ विकास और जनकल्याण के लिए काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि तथ्यपरक और सकारात्मक पत्रकारिता प्रदेश के विकास को नई दिशा देने में सहायक हो सकती है।

इस मौके पर प्रेस क्लब पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया और ‘गुलदस्ता’ के प्रकाशन से जुड़ी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब पत्रकारों के हितों के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर भी लगातार काम करता रहेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.