27 में धामी सरकार बनाएगी हैट्रिक : विनोद चमोली
कांग्रेस में झूठे आरोपों की होड़ – भाजपा विधायक का पलटवार
देहरादून।भाजपा के वरिष्ठ विधायक विनोद चमोली ने दावा किया कि पंचायत और निकाय चुनावों में भाजपा की एकतरफा जीत इस बात का संकेत है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में धामी सरकार हैट्रिक बनाने जा रही है।
पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में चमोली ने कहा, “पहले भी अच्छे कामों की बदौलत हमारी सरकार रिपीट हुई थी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जनता के सुख-दुख में लगातार साथ खड़े हैं और ऐतिहासिक फैसले ले रहे हैं। ऐसे में हमारे दावों पर किसी को शक नहीं होना चाहिए।”
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष में “गाली देने और झूठे आरोप लगाने की प्रतिस्पर्धा” चल रही है। जबकि राज्य आपदा से जूझ रहा है और धामी सरकार पूरी संवेदनशीलता व तत्परता से राहत-बचाव कार्यों में जुटी है। मृतकों के परिजनों व बेघर परिवारों को तुरंत 5 लाख की मदद दी जा रही है।
मंत्रिमंडल विस्तार पर पूछे सवाल पर चमोली ने कहा कि यह मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है और उचित समय पर निर्णय होगा। उन्होंने कहा कि मौजूदा मंत्रिमंडल ने ही धर्मांतरण कानून, समान नागरिक संहिता, नकल कानून और दंगारोधी कानून जैसे साहसिक फैसले लिए हैं, जिनसे प्रदेश की छवि मजबूत हुई है।
कानून-व्यवस्था पर विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए चमोली ने कहा कि कुछ घटनाओं के आधार पर निष्कर्ष नहीं निकालना चाहिए। राज्य में लॉ एंड ऑर्डर दुरुस्त है और सभी गंभीर मामलों में कठोर कार्रवाई हुई है।
उन्होंने तंज कसा कि कांग्रेस में इन दिनों यह प्रतिस्पर्धा चल रही है कि “जो भाजपा को बड़ी गाली देगा, वही बड़ा नेता कहलाएगा।”