देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के चिकित्सकों को बड़ी राहत देते हुए एसडी एसीपी (SD ACP) का लाभ देने की घोषणा की है। इस निर्णय से प्रांतीय चिकित्सा सेवा संवर्ग के चिकित्साधिकारियों को सीधा फायदा मिलेगा। स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉक्टर स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ हैं, जो ग्रामीण और पहाड़ी इलाकों की कठिन परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा से सेवा करते हैं। ऐसे में उनके हितों का ध्यान रखना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि एसीपी का लाभ मिलने से डॉक्टरों को आर्थिक मजबूती तो मिलेगी ही, साथ ही सेवा के प्रति समर्पण की भावना और मजबूत होगी।
स्वास्थ्य सचिव डॉ. कुमार ने बताया कि एसीपी का लाभ शासनादेश संख्या 654 (14 जुलाई 2016) और शासनादेश संख्या 154 (04 फरवरी 2019) के प्रावधानों के तहत दिया जाएगा। स्क्रीनिंग कमेटी की संस्तुति के आधार पर प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
सरकार द्वारा जारी पद विवरण के अनुसार कुल 196 पदों को मंजूरी दी गई है। इनमें लेवल 11 में 70 पद (ग्रेड पे ₹5400), लेवल 12 में 56 पद (ग्रेड पे ₹6600), लेवल 13 में 27 पद (ग्रेड पे ₹7600) और 43 पद (ग्रेड पे ₹8700) शामिल हैं। इस तरह सभी स्तरों को मिलाकर कुल 196 पदों पर एसीपी का लाभ मिलेगा।
धामी सरकार के इस फैसले से बड़ी संख्या में डॉक्टरों को सीधा लाभ होगा। इससे न केवल उनकी आर्थिक स्थिति सुधरेगी बल्कि राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को भी और अधिक सशक्त बनाने में मदद मिलेगी।