नई दिल्ली। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर राज्य से जुड़े कई अहम विषयों पर चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से कुंभ 2027 को ध्यान में रखते हुए ऋषिकेश, हरिद्वार और अन्य तीर्थ क्षेत्रों के लिए आधारभूत ढांचे और आवास योजनाओं में सहयोग का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर की ₹547.83 करोड़ की डीपीआर को RDSS योजना में स्वीकृति देने पर केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने हरिद्वार कुंभ क्षेत्र के लिए ₹315 करोड़ के समान प्रस्ताव को भी शीघ्र मंजूरी देने का अनुरोध किया।
आवास योजनाओं पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) में Whitelisting और Redeemable वाउचर प्रणाली के कारण निजी डेवलपर्स रुचि नहीं दिखा रहे हैं। उन्होंने पूर्ववर्ती 40:40:20 भुगतान प्रणाली को फिर से लागू करने का आग्रह किया ताकि योजना में तेजी लाई जा सके।
उन्होंने बताया कि राज्य में AHP घटक के अंतर्गत 15,960 आवासीय इकाइयों का निर्माण प्रगति पर है, जिनमें से 15,281 इकाइयों का आवंटन पहले ही हो चुका है। लेकिन EWS वर्ग के लाभार्थियों को कम CIBIL स्कोर और असंगठित आय के चलते बैंकों से ऋण सुविधा नहीं मिल पा रही है। इस पर उन्होंने केंद्र सरकार से बैंकों, NBFC, SLBC और RBI को विशेष दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार ऋषिकेश-गंगा, हरिद्वार-गंगा और टनकपुर स्थित शारदा रिवरफ्रंट को विश्व स्तरीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित कर रही है। इसके लिए उन्होंने THDC की CSR निधि से ₹100 करोड़ के सहयोग का अनुरोध किया।
धामी ने विश्वास जताया कि केंद्र से अपेक्षित सहयोग मिलने पर उत्तराखंड न केवल कुंभ 2027 को भव्य और सुरक्षित तरीके से आयोजित करेगा बल्कि राज्य की आवास और आधारभूत संरचना विकास योजनाओं को भी नई ऊँचाई मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने राज्य को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।