पानी-पानी हुआ दीपनगर, रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन—पुलिस हाई अलर्ट पर

देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब शहरी इलाकों में भी दिखने लगा है। देहरादून के नेहरू कॉलोनी क्षेत्र के दीपनगर में रिस्पना नदी का किनारा (पुश्ता) ढह जाने से बड़ा हादसा हो गया। घटना में पांच मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और कई घरों में पानी घुस गया। गनीमत रही कि समय रहते फंसे हुए चार से पांच लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।

स्थानीय पुलिस ने बताया कि दीपनगर में मकानों तक जाने का रास्ता पुश्ते के सहारे ही था। लेकिन पानी के तेज बहावसे पुश्ता अचानक धंस गया, जिससे आस-पास के मकानों की नींव भी कमजोर हो गई। जैसे ही हादसे की सूचना मिली, पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया।

रेस्क्यू टीम ने एक मकान की पीछे की दीवार तोड़कर पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। साथ ही, आसपास के अन्य मकानों को भी खाली कराया गया और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया। मौके पर राहत सामग्री भी पहुंचाई गई है।

प्रेमनगर क्षेत्र के नंदा की चौकी में भी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से किनारे की झुग्गियों में रह रहे लोगों को हटाया गया है। देहरादून के एसएसपी अजय सिंह ने खुद राहत कार्यों की निगरानी करते हुए दून पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा है। उन्होंने सभी थानों को निर्देश दिए हैं कि वे 24 घंटे राहत एवं बचाव उपकरणों के साथ तैयार रहें।

पुलिस की ओर से लगातार **लाउडस्पीकर और पेट्रोलिंग के ज़रिए** लोगों को सतर्क किया जा रहा है। नदियों और नालों के किनारे रहने वालों को चेतावनी दी गई है कि वे जलस्तर बढ़ते ही सुरक्षित स्थानों की ओर चले जाएं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.