देहरादून। उत्तरकाशी जिले में हाल ही में आई भीषण आपदा में कई लोगों की जान चली गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दुखद घटना को लेकर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, देहरादून में मंगलवार को एक शोकसभा का आयोजन किया गया। सभा की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने की।
शोकसभा में दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया और सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके साथ ही आपदा में घायल लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई।
श्री धस्माना ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तरकाशी की त्रासदी ने समूचे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। यह समय राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर पीड़ितों की सहायता करने का है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि आपदा प्रभावित परिवारों को तुरंत राहत राशि उपलब्ध कराई जाए और पुनर्वास की व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर की जाए।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस महामंत्री जगदीश धीमान, दिनेश कौशल, आनंद जगूड़ी, गिरिराज किशोर हिंदवान, विकास भारद्वाज और संदीप धूलिया समेत कई अन्य कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
सभा के अंत में कांग्रेस नेताओं ने आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं में जानमाल की हानि को कम किया जा सके।