नई दिल्ली। उत्तरकाशी जिले के धराली और सूखी गांव में बादल फटने की घटना और हर्षिल क्षेत्र में सेना के कैंप को हुए नुकसान को लेकर कांग्रेस महासचिव एवं उत्तराखंड की प्रभारी कुमारी सैलजा ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इस प्राकृतिक आपदा को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए कहा कि जानमाल की भारी क्षति और कई नागरिकों के लापता होने की खबरें अत्यंत चिंताजनक हैं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री और सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि “उत्तरकाशी की यह आपदा मन को झकझोर देने वाली है। मैं बाबा केदारनाथ से प्रार्थना करती हूं कि सभी लोग सुरक्षित हों और जो लोग लापता हैं, उनका शीघ्र सुराग मिले। इस कठिन समय में मेरी गहरी संवेदनाएं प्रभावित परिवारों के साथ हैं। कांग्रेस इस दुख में उनके साथ खड़ी है।”
कुमारी सैलजा ने उत्तराखंड सरकार और केंद्र सरकार से मांग की कि राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता प्रदान की जानी चाहिए और इस तरह की आपदाओं से भविष्य में निपटने के लिए सरकार को ठोस और प्रभावी रणनीति तैयार करनी चाहिए।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि उत्तराखंड कांग्रेस की स्थानीय इकाइयों को निर्देशित किया गया है कि वे प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर राहत कार्यों में सक्रिय रूप से भाग लें और जरूरतमंदों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराएं।
कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हर स्तर पर प्रभावित लोगों के साथ है और पीड़ितों को राहत पहुंचाने के लिए पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी।