After Header-1

राहुल गांधी कोई ‘पप्पू’ नहीं हैं, वो पढ़े-गुने और: सैम पित्रोदा 

वाशिंगटन। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सैम पित्रोदा ने कहा है कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी कोई “पप्पू” नहीं हैं और भारतीय जनता पार्टी जो प्रचार करती है उसके विपरीत वह “उच्च शिक्षित, पढ़े-गुने और रणनीतिकार” हैं। ‘इंडियन ओवरसीज कांग्रेस’ के अध्यक्ष पित्रोदा ने रविवार को डलास में टेक्सास विश्वविद्यालय में छात्रों को पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष का परिचय देते हुए यह टिप्पणी की। 

पित्रोदा ने कहा, “उनके (गांधी के) पास एक ऐसा दृष्टिकोण है जो भाजपा द्वारा लाखों-करोड़ों रुपये खर्च करके प्रचारित किए जाने वाले दृष्टिकोण से बिलकुल अलग है। मैं आपको बता दूं कि वह कोई पप्पू नहीं हैं। वह उच्च शिक्षित, पढ़े-गुने, किसी भी विषय पर गहन सोच रखने वाले रणनीतिकार हैं।”

अमेरिका की यात्रा पर गए गांधी को उनके विरोधी कई वर्षों से ‘पप्पू’ कहकर संबोधित करते रहे हैं। छात्रों से बातचीत के दौरान गांधी ने कहा, “विपक्ष मूलतः लोगों की आवाज है, घटनाओं का एक पूरा क्रम चलता रहता है, लेकिन आप आमतौर पर यह सोचते हैं कि मैं भारत के लोगों के मुद्दों को कहां और कैसे उठा सकता हूं।”

संसदीय कार्यवाही के बारे में बात करते हुए गांधी ने इसे विचारों और शब्दों का “रोचक युद्ध” बताया। उन्होंने कहा, “आप सुबह संसद जाते हैं, तो यह युद्ध जैसा होता है, आप अंदर जाते हैं और फिर लड़ते हैं, यह एक रोचक युद्ध है, यह कभी-कभी काफी मजेदार भी होता है, यह बुरा भी हो सकता है, लेकिन यह विचारों और शब्दों का युद्ध है।”

गांधी ने कहा, “जब आप राजनीति में नए होते हैं, तो आप किसी मुद्दे को देखते हैं, आपको लगता है कि यह एक मुद्दा है, लेकिन जब आप विस्तार से देखते हैं, तो आपको पता चलता है कि इसमें बारीकियां और जटिलताएं हैं, इसलिए उस बारीक चीज को समझना और उसके अनुसार अपने दिन की योजना बनाना, आमतौर पर इसी तरह काम चलता है।”

अपनी यात्रा के दौरान गांधी वाशिंगटन डीसी में भारतीय प्रवासियों और युवाओं से भी बातचीत करेंगे। सोमवार से शुरू हो रही वाशिंगटन डीसी की अपनी यात्रा के दौरान उनकी सांसदों और अमेरिकी सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से भी मिलने की भी योजना है।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.