After Header-1

भारत से 2 अरब डॉलर से अधिक की मदद मांगेगा नेपाल, प्रधानमंत्री की यात्रा से पहले बड़ी तैयारी

काठमांडू, 4 नवंबर। नेपाल अपनी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं और विकास कार्यों को गति देने के लिए भारत से दो अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक की आर्थिक सहायता मांगने की तैयारी में है। इस प्रस्ताव को लेकर बुधवार से शुरू हुई विदेश सचिव विक्रम मिस्री की दो दिवसीय नेपाल यात्रा को अहम माना जा रहा है। नेपाल की ओर से यह प्रस्ताव प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की 23-24 नवंबर को प्रस्तावित भारत यात्रा के दौरान भी उठाया जाएगा।

नेपाल के विदेश और वित्त मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक, प्रस्तावित आर्थिक सहायता पैकेज में एक अरब डॉलर का रियायती ऋण, 50 करोड़ डॉलर का अनुदान और भोटेकोशी बाढ़ से क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण के लिए 50 करोड़ डॉलर की अतिरिक्त सहायता शामिल है। इस तरह नेपाल भारत से कुल दो अरब डॉलर से अधिक की मदद चाहता है।

नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राई ने बताया कि विभिन्न सरकारी निकायों से परामर्श के बाद सहायता प्रस्ताव तैयार किया गया है। एक अरब डॉलर से अधिक के रियायती ऋण का इस्तेमाल देश में ट्रांसमिशन लाइनों के निर्माण और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर किया जाएगा। मिस्री की यात्रा के दौरान नेपाल अपनी प्राथमिकता वाली परियोजनाओं की सूची भारत को सौंपेगा।

इससे पहले अक्टूबर में नेपाल के वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले की भारत यात्रा के दौरान भी आर्थिक सहायता पैकेज को लेकर प्रारंभिक प्रस्ताव रखा गया था। अब परियोजनाओं और उनकी लागत का विस्तृत ब्योरा भारत के सामने पेश करने की तैयारी है। नेपाल के वित्त मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार, प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की भारत यात्रा के दौरान इस पैकेज पर बातचीत पूरी होने और घोषणा होने की संभावना है।

सड़क और बाढ़ पुनर्निर्माण के लिए भी मांगी मदद

नेपाल सिद्धार्थ राजमार्ग के उन्नयन के लिए भारत से 50 करोड़ डॉलर का अतिरिक्त अनुदान भी चाहता है। यह राजमार्ग सुनौली सीमा नाके को पोखरा से जोड़ता है। नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने अपनी पिछली भारत यात्रा के दौरान भी इस परियोजना के लिए सहायता का आग्रह किया था।

इसके अलावा 26 अगस्त को भोटेकोशी में आई बाढ़ से क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण और पुनर्वास के लिए भी 50 करोड़ डॉलर की सहायता मांगी जाएगी।

विदेश सचिव मिस्री अपने नेपाली समकक्ष अमृत बहादुर राई के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे। इस दौरान दोनों देशों के बीच पहले से संचालित परियोजनाओं की समीक्षा और प्रधानमंत्री की आगामी भारत यात्रा के एजेंडे को अंतिम रूप दिया जाएगा।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.