आंध्र प्रदेश में चक्रवाती तूफान मुरासु का कहर, 120 किमी की रफ्तार से चली हवाएं, कई राज्यों में अलर्ट
बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान मुरासु आंध्र प्रदेश में भारी तबाही मचाने के बाद मंगलवार सुबह तेलंगाना की ओर बढ़ गया। सोमवार रात करीब एक बजे आंध्र प्रदेश के तट से टकराने के बाद तूफान सुबह 5:30 बजे आगे बढ़ा। इसके प्रभाव से कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हुई। मौसम विभाग ने मंगलवार शाम तक कई क्षेत्रों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।
तूफान के दौरान 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। विजयवाड़ा समेत कई जिलों में भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ। तेज हवाओं से हजारों पेड़ उखड़ गए और सैकड़ों बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। कई स्थानों पर नावों को भी नुकसान पहुंचा। जलभराव के कारण सड़कें पानी में डूब गईं और राजमार्गों पर वाहन फंस गए।
दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहा। सोमवार सुबह 8:30 बजे से मंगलवार सुबह 8:30 बजे तक बापटला में सर्वाधिक 222.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा नरसापुर में 198.6 मिमी, ओंगोल में 120.2 मिमी और मछलीपट्टनम में 83.9 मिमी बारिश हुई। बापटला में पेड़ गिरने की घटनाओं के बाद राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं।
उड़ानें रद्द, रेल सेवाएं भी प्रभावित
चक्रवात के कारण आंध्र प्रदेश के तीन हवाई अड्डों से संचालित 19 और चेन्नई से 11 उड़ानें रद्द कर दी गईं। विजयवाड़ा-ओंगोल-गुडूर रेलखंड पर ट्रेनों की आवाजाही रोकनी पड़ी, जबकि चार ट्रेनों के मार्ग बदल दिए गए। एहतियातन कई जिलों में स्कूल-कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्र भी बंद रखे गए।
पांच राज्यों में एनडीआरएफ की 37 टीमें तैनात
तूफान के खतरे को देखते हुए पांच राज्यों में एनडीआरएफ की 37 टीमें तैनात की गई हैं। ओडिशा के पांच जिलों से करीब 1.6 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। पुरी में भारी बारिश और समुद्र में ऊंची लहरों को देखते हुए बचाव दल सतर्क हैं।
इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू से फोन पर बातचीत कर केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, केरल, तेलंगाना, कर्नाटक और महाराष्ट्र में भी तूफान के संभावित प्रभाव को देखते हुए प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमें अलर्ट पर हैं।

