After Header-1

गुवाहाटी हत्याकांड के आरोपी का पुलिस पर हमला, जवान की पिस्तौल छीनकर भागने की कोशिश में मारा गया

गुवाहाटी, 4 नवंबर। असम के गुवाहाटी में चर्चित होटल विलास इन हत्याकांड के मुख्य आरोपित घनकांत गोगोई को पुलिस ने बुधवार तड़के मुठभेड़ में मार गिराया। आरोपित ने पुलिस टीम पर हमला कर एक जवान की पिस्तौल छीन ली और हिरासत से फरार होने की कोशिश की थी। इस दौरान हुई जवाबी कार्रवाई में उसकी मौत हो गई, जबकि शिवसागर के सब इंस्पेक्टर देवाशीष शर्मा घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, सात दिन की रिमांड पूरी होने के बाद मंगलवार को घनकांत गोगोई को कामरूप महानगर जिले के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) की अदालत में पेश किया गया था। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया था। इसके बाद शिवसागर पुलिस उसे गुवाहाटी केंद्रीय कारागार से लेकर शिवसागर रवाना हुई।

इसी दौरान बुधवार तड़के करीब 3:10 बजे फूलपानी सिगार रंगमन ढाबा के पास आरोपित ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। उसने एक पुलिसकर्मी की पिस्तौल छीनकर भागने का प्रयास किया। इस हमले में एसआई देवाशीष शर्मा घायल हो गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घनकांत गोगोई मौके पर ही मारा गया।

गौरतलब है कि 26 अक्टूबर 2026 की रात करीब नौ बजे गुवाहाटी के होटल विलास इन में गोलीबारी की सनसनीखेज घटना हुई थी। इस वारदात में पांच लोगों की मौत हो गई थी, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ था। घटना के बाद पुलिस ने उसी रात करीब दस बजे घनकांत गोगोई को गिरफ्तार कर लिया था।

मृतकों की पहचान भूदेव भराली (65), हेलेना भराली (58), देवर्षि कश्यप (39), रिनिकी कश्यप (30) और नारायण दास (48) के रूप में हुई थी। इनमें भूदेव भराली और नारायण दास बरपेटा के निवासी थे। वहीं, अन्य तीन मृतक गुवाहाटी के नवीन नगर में रहते थे और मूल रूप से बरपेटा के रहने वाले थे।

गोलीबारी में घायल सत्येंद्र पाठक (43) का गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) में इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद से ही मामला असम में चर्चा का विषय बना हुआ था।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.