ग्लोबल इंवेस्टर समिट के लिये दुल्हन की तरह सज संवर रही नवाब नगरी

लखनऊ।  उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डालर की अर्थव्यवस्था बनाने के संकल्प के साथ आगामी दस फरवरी से  शुरू होने वाली ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट के लिये राजधानी लखनऊ में तैयारियां चरम पर है। आधिकारिक सूत्रों ने गुरूवार को बताया कि राजधानी के वृंदावन क्षेत्र में होने वाली तीन दिवसीय समिट का उदघाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे।

कार्यक्रम स्थल को सात ब्लॉक में बाँटा गया है। पहला ब्लॉक उद्घाटन समारोह का होगा। इस ब्लॉक में दस हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यक्रम का उद्घाटन करने के बाद विदेश और देश के उद्योगपतियों को सम्बोधित करेंगे।

इस ब्लॉक के बगल में ही वीआईपी लाउंज, पार्टनर कंट्री (नीदरलैंड्स, डेनमार्क, सिंगापुर, जापान, दक्षिण कोरिया, आस्ट्रेलिया, द यूनाइटेड किंगडम, संयुक्त अरब अमीरात, इटली एवं मॉरीशस), इंड्रस्टी पार्टनर (सीआईआई, फक्किी), नालेज पार्टनर ( ई एंड वाई) के लाउंज के साथ फूडकोर्ट बनाया जा रहा है। इसी से सटाकर दूसरा ब्लॉक बनाया जा रहा है, जिसमें चार हैंगर बनाए जा रहे है।

इन हैंगर में एक साथ सुबह से लेकर रात तक प्रदेश के विभिन्न विभागों के अलग-अलग सेशन चलेंगे, जिसमें विदेश, देश और प्रदेश के निवेशक शामिल होंगे। हर हैंगर में ढाई सौ लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। यूपीजीआईएस-23 कार्यक्रम के ब्लू प्रिट के अनुसार तीसरे ब्लॉक में मीडिया सेंटर बनाया जा रहा है, जहां से कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया जाएगा और पल-पल की ख़बर को अपडेट किया जाएगा।

इसके साथ ब्लॉक में यूपी इन्वेस्ट का आफिस बनाया गया है। वहीं चप्पे-चप्पे की निगरानी के लिये पुलिस कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां पर पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी सीसीटीवी से हर गतिविधि पर नजर रखेंगे और समय समय पर अपने मातहतों को आवश्यक दिशा निर्देश देंगे।

चौथा ब्लॉक प्री फक्शन के लिये तैयार किया जा रहा है, जहां विभिन्न प्रकार की कल्चर एक्टिविटी होगी। वहीं पाँचवा ब्लॉक ड्रोन शो के लिये तैयार किया जा रहा है। इसी के साथ दर्शक दीर्घा भी बनाई जा रही है, जहां पर हजारों की संख्या में लोग ड्रोन शो का आनंद ले सकेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.