After Header-1

वृद्धा की घर वापसी की राह हुई आसान

नैनीताल। सोशल मीडिया व सरकार की संवेदनशीलता से दर दर भटक रही एक वृद्धा की अपने गांव वापसी की राह खुल गयी है। उत्तराखंड की अल्मोड़ा पुलिस ने महिला को मुम्बई में तलाश लिया है। बताया जाता है कि अल्मोड़ा के भिकियासैण के कोटियाग गांव की रहने वाली वृद्धा श्रीमती हेमा देवी अल्मोड़ा से अचानक लापता हो गयी। कुछ दिन पहले खराब हालत में उनका वीडियो सोशल मीडिया पर जारी हुआ।

हल्द्वानी निवासी एक व्यक्ति ने उनसे बातचीत का वीडियो रिकार्ड कर मुम्बई से सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वृद्धा बहुत खराब स्थिति में दिखाई दे रही थी। कपड़े फटे हुए व पांव में गंभीर चोट भी दिखायी दे रही थी। वृद्धा ने यह भी बताया कि उसके दो भाई व तीन बेटे हैं।

बताया जाता है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की नजर उस वीडियो पर पड़ गयी। मुख्यमंत्री ने तत्काल पुलिस को महिला को ढूंढ निकालने और अल्मोड़ा वापस लाने के निर्देश दिये। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रदीप राय ने बताया कि दस जनवरी को विशेष अभियान समूह (एसओजी) व पुलिस की एक टीम को मुम्बई रवाना किया गया। अगले ही दिन टीम दिल्ली से सीधे हेलीकाप्टर से मुम्बई पहुंची।

सबसे पहले टीम ने मुम्बई पुलिस व संबद्ध व्यक्ति से संपर्क किया। साथ ही गैर सरकारी संस्था व स्थानीय लोगों के साथ ही पुलिस के सहयोग से महिला की खोज की गयी। वाहनों व जगह जगह वृद्ध महिला के पोस्टर लगाये गये। सीसीटीवी के साथ ही कांदिवली, बोरीवली, मलाड में बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, फ्लाई ओवर, ब्रिज के नीचे, धर्मशालाओं व रैन बसेरों में वृद्धा की तलाश की गयी।

तीन चार दिन की मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने वृद्धा को ढूंढ निकाला। सबसे पहले महिला को साफ सुथरे कपड़े पहनाये गये और साथ ही उन्हें उपचार के लिये अस्पताल ले जाया गया।  राय ने बताया कि उपचार के बाद वृद्ध माताजी को अल्मोड़ा लाया जायेगा। फिलहाल वह सुरक्षित हैं। मुख्यमंत्री ने भी इस कार्य के लिये अल्मोड़ा पुलिस की प्रशंसा की। इस खबर को सुनने के बाद हर उत्तराखंडी ने धामी सरकार के साथ ही उत्तराखंड पुलिस की संवेदनशीलता की वाहवाही की।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.