उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है, ताकि कोई भी वर्ग विकास की मुख्यधारा से वंचित न रहे। इसके विपरीत कांग्रेस के पास सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों पर सवाल उठाने के अलावा कोई ठोस मुद्दा नहीं है। मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार का रिपोर्ट कार्ड समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के उत्थान के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
खजान दास ने बताया कि अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति में वृद्धि की गई है। इसके साथ ही एससी और एसटी परिवारों की अधिकतम दो बेटियों के विवाह के लिए 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का प्रावधान किया गया है। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तीन नए छात्रावासों का निर्माण भी कराया गया है।
उन्होंने बताया कि पेशेवर पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत और छात्रावासों में रहने वाले अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को प्रतिवर्ष 13,500 रुपये की छात्रवृत्ति दी जा रही है। वहीं, गैर-डिग्री पाठ्यक्रमों में पढ़ने वाले गैर-छात्रावासी विद्यार्थियों को सालाना 2,500 रुपये की छात्रवृत्ति उपलब्ध कराई जा रही है।
समाज कल्याण मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक तंगी किसी भी विद्यार्थी की पढ़ाई में बाधा न बने। शिक्षा और आर्थिक सहायता के माध्यम से वंचित वर्गों को आगे बढ़ने के समान अवसर दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक समानता, सम्मान और आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सरकार आगे भी जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करती रहेगी।

