हरिद्वार। पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए शुक्रवार को जनपद पुलिस मुख्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में सैनिक सम्मेलन आयोजित किया गया। एसएसपी नवनीत सिंह की अध्यक्षता में हुए सम्मेलन में जिले के विभिन्न थानों, शाखाओं और कार्यालयों में तैनात पुलिसकर्मियों ने अपनी विभागीय और पारिवारिक समस्याएं रखीं। एसएसपी ने उनकी समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
सम्मेलन के दौरान एसएसपी ने पुलिसकर्मियों की कुशलक्षेम पूछी और उन्हें अपनी बात खुलकर रखने के लिए प्रोत्साहित किया। जिन समस्याओं का मौके पर समाधान संभव था, उनका तत्काल निस्तारण किया गया। वहीं, अन्य मामलों में संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने को कहा गया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले 34 पुलिसकर्मी सम्मानित
सम्मेलन के समापन पर अक्टूबर माह में उत्कृष्ट कार्य और कर्तव्यनिष्ठा का प्रदर्शन करने वाले 30 पुलिसकर्मियों को ‘मैन ऑफ द मंथ’ सम्मान दिया गया। वहीं, तीन महिला पुलिसकर्मियों और एक महिला होमगार्ड को ‘वुमेन ऑफ द मंथ’ से सम्मानित किया गया।
मैन ऑफ द मंथ का सम्मान पाने वालों में एएचटीयू के एसआई नंद किशोर, हेड कांस्टेबल खेम सिंह और कांस्टेबल अजय राज, कनखल के हेड कांस्टेबल जितेंद्र शाह, ज्वालापुर के कांस्टेबल जितेंद्र सिंह, रानीपुर के एसआई अशोक सिरसवाल और कांस्टेबल कुंवर राणा, सिडकुल के एसआई देवेंद्र सिंह, रुड़की के एसआई पुष्पेंद्र सिंह, गंगनहर के हेड कांस्टेबल रघुवीर तोमर और झबरेड़ा के एसआई नीरज रावत शामिल हैं।
इसके अलावा भगवानपुर, बुग्गावाला, खानपुर, पथरी, कलियर, सीआईयू रुड़की, पुलिस दूरसंचार, फायर स्टेशन मायापुर, एएनटीएफ, गौवंश संरक्षण स्क्वॉड, पुलिस लाइन, 40वीं वाहिनी पीएसी और यातायात पुलिस में तैनात कर्मियों को भी सम्मानित किया गया।
महिला वर्ग में कोतवाली नगर की कांस्टेबल शोभा, श्यामपुर की कांस्टेबल माधुरी त्रिपाठी, बुग्गावाला की कांस्टेबल नीलम चौहान और बहादराबाद की महिला होमगार्ड करुणा शर्मा को सम्मान मिला।

