देहरादून। उत्तराखंड में पारंपरिक जल स्रोतों (धारा-नौला) और सामुदायिक वनों के संरक्षण को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में प्रयास तेज हो गए हैं। इसी उद्देश्य से उत्तराखंड का 13 सदस्यीय दल मेघालय के वन संरक्षण मॉडल का अध्ययन कर रहा है। दल ने शिलांग में तीन दिवसीय भ्रमण के दौरान वन संरक्षण के बदले आर्थिक प्रोत्साहन, बायोचार उत्पादन, कार्बन क्रेडिट और सामुदायिक भागीदारी से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
स्प्रिंग्स एंड रिवर रिजुवनेशन अथॉरिटी (एसएआरआरए) और चम्पावत की धारा-नौला संरक्षण समितियों का संयुक्त दल 25 से 27 नवंबर तक मेघालय के दौरे पर है। इसमें ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और वन एवं ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारी शामिल हैं। मेघालय बेसिन डेवलपमेंट अथॉरिटी और मेघालय बेसिन मैनेजमेंट एजेंसी के अधिकारियों ने दल को मेगालाइफ और मेगाराइज परियोजनाओं की कार्यप्रणाली समझाई।
भ्रमण के दौरान दल ने पारिस्थितिकी तंत्र सेवाओं के लिए भुगतान (पीईएस) मॉडल का भी निरीक्षण किया। इसके तहत प्राकृतिक वनों का संरक्षण करने वाली स्थानीय समितियों को प्रति हेक्टेयर प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाती है। इस व्यवस्था में समितियों में महिलाओं की 50 प्रतिशत भागीदारी अनिवार्य रखी गई है।
शिलांग के एक गांव में इस मॉडल के तहत समिति ने 46 से 47 हेक्टेयर वन क्षेत्र को संरक्षित किया है। समिति के खाते में सामुदायिक विकास कार्यों के लिए करीब 15 लाख रुपये जमा हैं। इससे ग्रामीणों को वन संरक्षण के साथ आर्थिक लाभ भी मिल रहा है।
दल ने बायोचार उत्पादन संयंत्र का निरीक्षण कर कार्बन क्रेडिट से आय अर्जित करने की प्रक्रिया भी समझी। इसके अलावा कृषि वानिकी के जरिए ग्रामीण आजीविका मजबूत बनाने के तरीकों की जानकारी ली।
अधिकारियों का मानना है कि मेघालय का यह मॉडल उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है। इसे अपनाने से चम्पावत की धारा-नौला संरक्षण समितियों को आर्थिक मजबूती मिलने के साथ जल स्रोतों और जंगलों के संरक्षण को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

