After Header-1

उत्तराखंड में दो दिसंबर तक नहीं होगी बारिश, इन दो जिलों में कोहरे का अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र ने 27 नवंबर से दो दिसंबर तक प्रदेश के किसी भी जिले में बारिश की संभावना नहीं जताई है। हालांकि, अगले तीन दिनों तक पर्वतीय क्षेत्रों की घाटियों और मैदानी इलाकों में रात और सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाने का अनुमान है। खासकर हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में कोहरे का असर देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक बारिश से राहत रहेगी। 30 नवंबर से दो दिसंबर तक सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान आसमान मुख्य रूप से साफ रहने के साथ तापमान में भी सामान्य उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।

पिछले 24 घंटों के मौसम पर नजर डालें तो मैदानी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर रहा। अधिकतम तापमान मैदानी इलाकों में सामान्य और पर्वतीय क्षेत्रों में सामान्य से काफी अधिक रिकॉर्ड किया गया।

राजधानी देहरादून में शुक्रवार को आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने फिलहाल प्रदेश के किसी भी हिस्से के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है। हालांकि, मैदानी क्षेत्रों में सुबह और रात के समय कोहरे को देखते हुए वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.