हरिद्वार। अंकिता भंडारी हत्याकांड के कथित वीआईपी एंगल को लेकर चल रही जांच के बीच पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ का नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट नहीं हो सकेगा। गुजरात के गांधीनगर स्थित फोरेंसिक साइंस लैब में मेडिकल जांच के दौरान उन्हें दोनों परीक्षणों के लिए चिकित्सकीय रूप से अनफिट घोषित किया गया है। इस घटनाक्रम के बाद मामले की जांच को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार, कथित वीआईपी एंगल की जांच के सिलसिले में पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ और अभिनेत्री उर्मिला सनावर का नार्को तथा पॉलीग्राफ टेस्ट कराया जाना था। इसके लिए दोनों गांधीनगर पहुंचे थे और पिछले तीन-चार दिनों से वहीं ठहरे हुए थे। 24 नवंबर को परीक्षण से पहले फोरेंसिक लैब में दोनों की मेडिकल जांच की गई थी।
जांच रिपोर्ट में सुरेश राठौड़ को नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए अनुपयुक्त पाया गया। उनके बेटे लक्की राठौड़ ने भी इसकी पुष्टि की है। उनके मुताबिक, मेडिकल जांच में सुरेश राठौड़ के सिर में क्लॉट होने की बात सामने आई है। गुरुवार को रिपोर्ट मिलने के बाद चिकित्सकीय आधार पर उन्हें दोनों परीक्षणों के लिए अनफिट घोषित कर दिया गया।
लक्की राठौड़ ने बताया कि कुछ साल पहले उनके पिता सड़क दुर्घटना का शिकार हुए थे। हादसे के बाद सिर में कुछ असामान्य निशान सामने आए थे। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर ही उन्हें परीक्षण के लिए अनुपयुक्त माना गया है। इसके बाद सुरेश राठौड़ गांधीनगर से हरिद्वार लौट रहे हैं।
उर्मिला सनावर ने उठाए थे स्वास्थ्य पर सवाल
गौरतलब है कि नार्को टेस्ट की प्रक्रिया शुरू होने से पहले अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने सुरेश राठौड़ की स्वास्थ्य जांच को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने आशंका जताई थी कि राठौड़ शुगर समेत अन्य बीमारियों का हवाला देकर टेस्ट से बचने की कोशिश कर सकते हैं। उन्होंने फेसबुक पर दोनों की तस्वीर साझा कर इस मुद्दे पर तंज भी कसा था।
फिलहाल, कथित वीआईपी एंगल को लेकर चल रही जांच के बीच सुरेश राठौड़ का मेडिकल आधार पर अनफिट घोषित होना अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।

