नई दिल्ली। संसद के आगामी विशेष सत्र को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संभावित विधायी प्रस्तावों को लेकर विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, राजद, बीजद और अन्य दलों का आरोप है कि सरकार महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन के जरिए राजनीतिक लाभ हासिल करना चाहती है। विपक्ष को आशंका है कि इससे उत्तर और दक्षिण भारत के राज्यों के बीच लोकसभा में प्रतिनिधित्व का अंतर बढ़ सकता है।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर कहा कि उनकी पार्टी परिसीमन के प्रस्ताव का विरोध करेगी। उन्होंने लोकसभा की मौजूदा सदस्य संख्या और राज्यों के बीच सीटों का अनुपात अगले 25 वर्षों तक बनाए रखने की मांग की। साथ ही 2029 के लोकसभा चुनाव से महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण देने और एससी-एसटी महिलाओं के लिए आरक्षण के भीतर आरक्षण का प्रावधान करने की बात कही।
कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक पहले ही पारित हो चुका है। सरकार को इसे लागू करने के लिए परिसीमन को अनिवार्य शर्त नहीं बनाना चाहिए। उन्होंने लोकसभा की सदस्य संख्या 543 बनाए रखते हुए महिलाओं के लिए 181 सीटें आरक्षित करने की मांग की।
समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय और रामाशंकर राजभर ने भी विशेष सत्र बुलाने के समय पर सवाल उठाए। वहीं, राजद सांसद मनोज झा ने आरोप लगाया कि परिसीमन की प्रक्रिया का इस्तेमाल निर्वाचन क्षेत्रों को राजनीतिक हितों के अनुरूप बदलने के लिए किया जा सकता है।
बीजद सांसद संतृप्त मिश्रा ने कहा कि उनकी पार्टी महिला आरक्षण की समर्थक है, लेकिन इसे मौजूदा लोकसभा की 543 सीटों में ही लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने ओडिशा की संसद में हिस्सेदारी सुरक्षित रखने की मांग भी की। तृणमूल कांग्रेस के सांसद सौगत रॉय ने कहा कि सत्र के एजेंडे की आधिकारिक जानकारी मिलने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
गौरतलब है कि संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से प्रस्तावित है। लोकसभा और राज्यसभा की बैठकें तीन दिसंबर तक चल सकती हैं। महिला आरक्षण कानून के क्रियान्वयन को जनगणना और परिसीमन की प्रक्रिया से जोड़ा गया है। इसी मुद्दे पर सरकार और विपक्ष के बीच सहमति बनाने की चुनौती बनी हुई है।

