हरिद्वार। कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के बीच संत-महात्माओं और धार्मिक संस्थाओं ने शिविर लगाने के लिए निशुल्क भूमि और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई है। षड्दर्शन साधुसमाज, अखिल भारतीय सनातन धर्म रक्षा समिति के प्रतिनिधियों ने गुरुवार को मेला भवन में कुंभ मेलाधिकारी सोनिका से मुलाकात कर इस संबंध में ज्ञापन सौंपा। संतों ने प्रयागराज, नासिक और उज्जैन कुंभ की तर्ज पर हरिद्वार में भी सुविधाएं देने का आग्रह किया।
समिति की ओर से दिए गए पत्र में कहा गया कि देशभर के संत-महात्माओं, मठों, मढ़ियों, मंदिरों और आश्रमों की ओर से कुंभ में शिविर लगाने के लिए आवेदन किए गए हैं। इसके बावजूद आवेदकों को भूमि आवंटन के लिए शुल्क देने और टेंट, बिजली, पानी तथा शौचालय जैसी व्यवस्थाएं स्वयं करने की जानकारी दी जा रही है।
समिति के अध्यक्ष श्रीमहंत गोपाल गिरि और उपाध्यक्ष श्रीमहंत चेतनानंद गिरि महाराज ने कहा कि प्रयागराज, नासिक और उज्जैन के कुंभ में साधु-संतों, अखाड़ों और धार्मिक संस्थाओं को निशुल्क भूमि के साथ टेंट, बिजली, पानी, शौचालय और टिन की बाउंड्री जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। ऐसे में हरिद्वार कुंभ में भी इसी व्यवस्था को लागू किया जाना चाहिए।
संतों ने ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट को भी कुंभ स्नान की दृष्टि से विकसित करने की मांग उठाई। उन्होंने घाट का सौंदर्यीकरण कराने और गंगा के भीतर संगम घाट से करीब 20 फीट अंदर 10 फीट ऊंची सुरक्षा रेलिंग लगाने का सुझाव दिया। समिति के अनुसार, 14 जनवरी को देवप्रयाग में अमृत स्नान तथा छह फरवरी को मौनी अमावस्या और 11 फरवरी 2027 को बसंत पंचमी पर ऋषिकेश के त्रिवेणी संगम में स्नान का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
संतों ने कहा कि धार्मिक संस्थाओं को निशुल्क भूमि और जरूरी सुविधाएं मिलने से संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं को कुंभ के दौरान बेहतर व्यवस्थाएं मिल सकेंगी। मांगों को सुनने के बाद मेलाधिकारी सोनिका ने शीघ्र यथासंभव कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान महामंडलेश्वर स्वामी प्रबोधानंद गिरि सहित करीब दो दर्जन संत मौजूद रहे।

