After Header-1

देहरादून में दर्दनाक हादसा, 15 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो; बच्ची समेत दो की मौत

देहरादून। जिले के कोटी रोड पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो वर्षीय बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू से विकासनगर की ओर जा रही बोलेरो धमोग मंदिर के पास अनियंत्रित होकर करीब 15 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में सात लोग सवार थे।

राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) के अनुसार, हादसा गुरुवार को धमोग मंदिर के समीप हुआ। बताया गया कि बोलेरो चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते वाहन सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और कालसी थाना पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद खाई में फंसे सभी सात लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद पांच घायलों को 108 एम्बुलेंस की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कालसी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया।

हादसे में नेपाल के अछाम जिले के ढकारी निवासी 52 वर्षीय नरबहादुर और दो वर्षीय राधिका की मौत हो गई। वहीं घायलों में वाहन चालक चमन लाल (45), डम्मल (32), उर्मिला (30), नीशा (14) और पांच वर्षीय प्रदीप शामिल हैं। सभी घायल नेपाल के अछाम जिले के निवासी बताए गए हैं। वाहन चालक चमन लाल हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले का रहने वाला है।

हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। एसडीआरएफ और पुलिस की तत्परता से खाई में गिरे सभी लोगों को समय रहते बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.