After Header-1

विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज, 22 हजार कार्मिकों की होगी तैनाती

देहरादून। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने चुनाव से जुड़े सभी नोडल अधिकारियों को 07 दिसंबर तक आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन से संबंधित प्रत्येक कार्य को तय समयसीमा में पूरा किया जाए, ताकि चुनाव के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल ने गुरुवार को ऋषिपर्णा सभागार में निर्वाचन कार्यों के लिए नियुक्त नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।

बैठक में निर्वाचन कार्मिकों की तैनाती को लेकर बताया गया कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए करीब 22 हजार कर्मचारियों की आवश्यकता होगी। इनमें से अब तक 14,800 कार्मिकों का डेटा संकलित किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने शेष कार्मिकों का विवरण भी जल्द जुटाने के निर्देश दिए।

जिले की 10 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 2,045 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इनमें 765 बूथ ग्रामीण और 1,279 शहरी क्षेत्रों में स्थित हैं। इन बूथों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मतदान केंद्रों पर जरूरी व्यवस्थाओं की जांच कर कमियों को समय रहते दूर किया जाए।

निर्वाचन के दौरान अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अंतरराज्यीय सीमाओं पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि देहरादून की सीमाएं हिमाचल प्रदेश के सिरमौर और शिमला, उत्तर प्रदेश के सहारनपुर सहित उत्तराखंड के चार जनपदों से जुड़ती हैं। ऐसे में सीमावर्ती क्षेत्रों में चेकपोस्ट स्थापित कर नकदी और शराब की तस्करी पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा कम मतदान प्रतिशत वाले बूथों पर विशेष मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए स्वीप कार्यक्रम के तहत गतिविधियां बढ़ाने और अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.