After Header-1

उत्तराखंड में संस्कृत शिक्षा को मिलेगा नया बढ़ावा, छात्रवृत्ति और पुरस्कार राशि होगी दोगुनी

हरिद्वार। संस्कृत को जन-जन तक पहुंचाने और नई पीढ़ी को इस प्राचीन भाषा से जोड़ने के लिए प्रदेश में व्यापक स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। संस्कृत शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विभागीय अधिकारियों को प्रदेश के सभी 13 जिलों में संस्कृत युवा सम्मेलन आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संस्कृत विद्यालयों के विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए छात्रवृत्ति और संस्कृत प्रतियोगिताओं की पुरस्कार राशि दोगुनी करने को कहा है।

संस्कृत शिक्षा मंत्री ने गुरुवार को रानीपुर झाल स्थित उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम् के सभागार में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर संस्कृत शिक्षा के संरक्षण, संवर्धन और विकास के लिए संचालित कार्यों की समीक्षा की। संस्थान पहुंचने पर उपाध्यक्ष डॉ. नवीनचन्द्र पंत और सचिव प्रो. विनय विद्यालंकार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

बैठक में मंत्री ने कहा कि संस्कृत केवल एक भाषा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, ज्ञान और परंपराओं की महत्वपूर्ण धरोहर है। इसे घर-घर तक पहुंचाने के लिए विभाग को योजनाबद्ध तरीके से काम करना होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी 13 जनपदों में संस्कृत युवा सम्मेलनों के आयोजन की कार्ययोजना तैयार की जाए।

उन्होंने संस्कृत के क्षेत्र में देश और प्रदेश में उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं का शैक्षिक भ्रमण कराने के भी निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों और शिक्षकों को बेहतर कार्यों से सीखने का अवसर मिल सके। आदर्श संस्कृत ग्रामों में भी नियमित गतिविधियों के संचालन के लिए विस्तृत योजना बनाने को कहा।

मंत्री ने संस्कृत संस्थानम् की ओर से संस्कृत विद्यालयों के विद्यार्थियों को दी जाने वाली छात्रवृत्ति और विभिन्न संस्कृत प्रतियोगिताओं की पुरस्कार राशि सभी स्तरों पर दोगुनी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आदर्श संस्कृत ग्रामों में राष्ट्र निर्माण, भारतीय संस्कृति, नैतिक शिक्षा और आदर्श दिनचर्या से जुड़ी गतिविधियों को विशेष रूप से बढ़ावा दिया जाए।

इसके अलावा संस्कृत विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं, प्रोत्साहन और आवश्यक पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए भी प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। मंत्री ने अधिकारियों से इन योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने और संस्कृत शिक्षा के विस्तार के लिए ठोस कदम उठाने पर जोर दिया।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.