After Header-1

जहां गूंजती थीं बच्चों की किलकारियां, वहां अब राख और मलबे के बीच सिसकियां

 उत्तरकाशी। मोरी विकासखंड के पवाणी गांव में मंगलवार को हुए भीषण अग्निकांड ने दर्जनों परिवारों की जिंदगी उजाड़ दी है। जिन घरों में कभी बच्चों की किलकारियां गूंजती थीं और ग्रामीण हंसी-खुशी एक-दूसरे के सुख-दुख बांटते थे, वहां अब राख, मलबा और वीरानी पसरी है। अपने वर्षों पुराने आशियानों को खाक होते देख गांव की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है। खुले आसमान के नीचे बैठी महिलाओं की सिसकियां हर किसी को भावुक कर रही हैं।

अग्निकांड में 39 आवासीय भवनों में रहने वाले 50 से अधिक परिवार बेघर हो गए हैं। करीब सात दर्जन मवेशी भी आग की चपेट में आकर जिंदा दफन हो गए। मंगलवार शाम करीब 4:50 बजे एक भवन से उठी आग की चिंगारी देखते ही देखते आसपास के मकानों तक फैल गई। आग इतनी विकराल हो गई कि ग्रामीणों की तमाम कोशिशों के बावजूद उस पर काबू नहीं पाया जा सका। गांव में अब केवल 11 भवन सुरक्षित बचे हैं।

घटना के समय गांव की अधिकांश महिलाएं जंगल में घास लेने गई थीं। उनका कहना है कि यदि वे गांव में मौजूद होतीं तो पानी के प्राकृतिक स्रोत से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास करतीं और शायद घरों का कुछ सामान बच जाता। ग्रामीणों के अनुसार गांव में पहले से ही पानी की भारी किल्लत है। आग ने घरों में रखी नकदी, गहने, बर्तन, कपड़े, बिस्तर, गैस सिलेंडर और अन्य जरूरी सामान भी नष्ट कर दिया। कई परिवारों के पास अब तन पर पहने कपड़ों के अलावा कुछ नहीं बचा है।

ग्रामीण निहाल सिंह ने बताया कि आग लगते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ओसला, पाणी, गंगाड़ और डाटमीर सहित आसपास के गांवों से लोग मदद के लिए पहुंचे, लेकिन आग की भयावहता के आगे प्रयास नाकाफी साबित हुए।

ओसला निवासी त्रिलोक सिंह राणा ने गांव को फिर से बसाने के लिए सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने पर यहां बर्फबारी शुरू हो जाएगी और टेंटों में रहना प्रभावित परिवारों के लिए बड़ी चुनौती होगा।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया कि प्रभावितों के लिए सामूहिक भोजनालय शुरू किया गया है और राहत सामग्री वितरित की गई है। सभी प्रभावित परिवारों को फिलहाल टेंट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। गांव के पुनर्वास के लिए मुख्यमंत्री से वार्ता कर शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.