हरिद्वार। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को हरिद्वार पुलिस ने भारतीय संविधान के प्रति निष्ठा रखने और उसके मूल्यों की रक्षा करने का संकल्प लिया। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस मुख्यालय सहित जिले के सभी कोतवाली, थानों, शाखाओं और कार्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को संविधान की प्रस्तावना में निहित आदर्शों और मूल्यों के अनुरूप कार्य करने की शपथ दिलाई गई।
पुलिस कार्यालय रोशनाबाद में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में एसपी क्राइम/ट्रैफिक निशा यादव ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी में जवानों को संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई। उन्होंने संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को अधिकार प्रदान करने के साथ ही समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों का बोध भी कराता है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों को संविधान में निहित सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक अधिकारों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही मौलिक अधिकारों की रक्षा और कानून के समान अनुपालन के महत्व पर भी जोर दिया गया।
निशा यादव ने पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन निष्पक्षता, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करने का संदेश दिया। उन्होंने संविधान के आदर्शों को अपने कार्यव्यवहार में अपनाने और आम नागरिकों के अधिकारों का सम्मान करने की आवश्यकता पर बल दिया।
जिले के सभी थानों और पुलिस कार्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से पुलिसकर्मियों ने संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर कानून के शासन, समानता, न्याय और नागरिक अधिकारों के संरक्षण के प्रति सजग रहने का संकल्प भी लिया गया।

