इस दौरान मुख्यमंत्री ने अभियोजन विभाग को मजबूत बनाने के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने नए आपराधिक कानूनों के प्रति अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने तथा आमजन को जागरूक करने के लिए विभाग को 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत करने की घोषणा की। इसके अलावा अभियोजन कार्यालयों के आधुनिकीकरण के लिए कंप्यूटर और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रदेश के सभी जनपदों में अभियोजन कार्यालयों की बुनियादी सुविधाओं को भी बेहतर बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियोजन सेवा आपराधिक न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ है। विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों का विधिक परीक्षण कर उन्हें न्यायालय के समक्ष निष्पक्षता से प्रस्तुत करना अभियोजन अधिकारियों की अहम जिम्मेदारी है। उनकी दक्षता और ईमानदारी से ही आमजन का न्याय व्यवस्था पर भरोसा मजबूत होता है।
उन्होंने बताया कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने दो वर्ष, 11 माह और 18 दिन के अथक प्रयासों के बाद भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। वर्ष 2015 में केंद्र सरकार ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की 125वीं जयंती के अवसर पर 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार न्याय व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए ई-फाइलिंग, डिजिटल न्यायालय और वर्चुअल सुनवाई जैसी सुविधाओं का विस्तार कर रही है। इससे दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों को भी न्याय प्राप्त करने में आसानी होगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को संविधान की शपथ दिलाई और विधि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर विधि, समाजसेवा, चिकित्सा, शिक्षा एवं अभियोजन क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 12 विभूतियों को सम्मानित भी किया गया।

