After Header-1

आईआईटी रुड़की के नाम जुड़ी बड़ी उपलब्धि, आईआईटी के रूप में पूरे किए 25 साल

रुड़की। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की ने बुधवार को अपना स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर संस्थान ने आईआईटी के रूप में 25 वर्ष पूरे किए और अपनी 180 वर्ष पुरानी संस्थागत विरासत के नए अध्याय में प्रवेश किया। वर्ष 1847 में थॉमसन कॉलेज ऑफ सिविल इंजीनियरिंग के रूप में स्थापित यह संस्थान वर्ष 2001 में आईआईटी रुड़की बना था। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 18 पूर्व छात्रों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संस्थान की पूर्व छात्रा एवं कर्नाटक की राज्यपाल डॉ. सुधा यादव शामिल हुईं। विशिष्ट अतिथियों में आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के शासी मंडल अध्यक्ष प्रो. प्रेम व्रत और टाटा केमिकल्स के प्रबंध निदेशक एवं भारतीय उद्योग परिसंघ के अध्यक्ष आर. मुकुंदन मौजूद रहे।

समारोह की शुरुआत 24 नवंबर को पूर्व छात्रों और उद्यमियों के साथ संवाद सत्रों से हुई। इनमें डीप टेक्नोलॉजी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), नवाचार और उद्यमिता जैसे विषयों पर चर्चा की गई। बुधवार को मुख्य समारोह के साथ पांच किलोमीटर की विरासत दौड़, प्रौद्योगिकी प्रदर्शनी और 1999 बैच के सहयोग से विकसित परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया।

डॉ. सुधा यादव ने कहा कि अपनी मातृ संस्था में लौटना उनके लिए गर्व और प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने कहा कि आईआईटी रुड़की ने अभियंत्रण, विज्ञान और तकनीकी विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया है। जल संसाधन, भूकंप अभियंत्रण, आपदा न्यूनीकरण और स्वच्छ ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में संस्थान का शोध सामाजिक चुनौतियों के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान और अनुसंधान को समाज की जरूरतों से जोड़ने तथा राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। साथ ही पूर्व छात्रों से संस्थान के विकास में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।

समारोह में 18 पूर्व छात्रों को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। युवा पूर्व छात्र पुरस्कार रूपेश कुमार और नवनीत चहल को प्रदान किया गया। वहीं, उत्कृष्ट सेवा पुरस्कार चार पूर्व छात्रों को दिया गया।

संस्थान के निदेशक प्रो. कमल किशोर पंत ने कहा कि 180 वर्षों की विरासत और आईआईटी के रूप में 25 साल पूरे होना गौरवपूर्ण उपलब्धि है। संस्थान भविष्य में शैक्षणिक उत्कृष्टता, अंतर्विषयी अनुसंधान और राष्ट्रीय एवं वैश्विक चुनौतियों के समाधान पर विशेष ध्यान देगा।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.