नई दिल्ली। सऊदी अरब की राजधानी रियाद के वित्तीय जिले में 24 नवंबर को एक इमारत पर हुए हमले में दो भारतीय नागरिक घायल हो गए। भारत ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए सऊदी अरब की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के प्रति अपना समर्थन दोहराया है। रियाद स्थित भारतीय दूतावास घायलों और उनके परिजनों के संपर्क में है तथा उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहा है।
विदेश मंत्रालय ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि भारत रियाद के वित्तीय जिले की इमारत पर हुए हमले के साथ ही सऊदी अरब के नागरिक, आर्थिक और ऊर्जा बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर किए जा रहे लगातार हमलों की निंदा करता है।
मंत्रालय के अनुसार, इस हमले में दो भारतीय नागरिक भी घायल हुए हैं। भारतीय दूतावास उनकी स्थिति पर नजर रख रहा है और घायलों के साथ उनके परिवारों को आवश्यक मदद मुहैया करा रहा है।
भारत ने कहा कि इस तरह के हमले आम नागरिकों की जान को गंभीर खतरे में डालते हैं। साथ ही ये सऊदी अरब की संप्रभुता का उल्लंघन करने के अलावा पूरे क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता को प्रभावित करते हैं। भारत ने सभी पक्षों से ऐसे हमलों को तत्काल रोकने का आह्वान किया है।
विदेश मंत्रालय ने बयान में कहा कि भारत सऊदी अरब की सरकार और जनता के साथ मजबूती से खड़ा है। भारत सऊदी अरब की संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और वहां रहने वाले नागरिकों एवं अन्य निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयासों का समर्थन करता है।
भारत ने क्षेत्र में जल्द शांति और सामान्य स्थिति बहाल होने की उम्मीद भी जताई है। इस घटनाक्रम के बाद भारतीय दूतावास घायलों को जरूरी सहायता देने में जुटा है।

