After Header-1

उत्तराखंड चुनाव 2027: मोदी बनाम राहुल या जनता के मुद्दे बनेंगे निर्णायक?

देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 में अभी करीब तीन महीने का समय बाकी है, लेकिन सियासी सरगर्मी तेज हो चुकी है। भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप, सोशल मीडिया पर वीडियो वार और प्रेस कॉन्फ्रेंस का सिलसिला लगातार बढ़ रहा है। इस राजनीतिक शोर के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि आगामी चुनाव में स्थानीय मुद्दे हावी होंगे या राष्ट्रीय मुद्दे? आखिर पहाड़ की जनता का भला किस एजेंडे में है?

कांग्रेस ने चुनावी रणनीति में स्थानीय समस्याओं को केंद्र में रखा है। पार्टी सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पलायन, आपदा प्रबंधन, बेरोजगारी, महंगाई, पेपर लीक और अंकिता भंडारी प्रकरण में कथित वीआईपी की भूमिका जैसे मुद्दों पर सरकार को घेर रही है। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा से लेकर यशपाल आर्य और करन माहरा तक कांग्रेस नेता लगातार सवाल उठा रहे हैं कि प्रदेश के 13 जिलों को बेहतर अस्पताल, स्कूल और रोजगार चाहिए।

दूसरी ओर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट राष्ट्रीय मुद्दों के जरिए कांग्रेस पर हमलावर हैं। राहुल गांधी, नेशनल हेराल्ड, तुष्टिकरण की राजनीति और मोदी सरकार के फैसले भाजपा के राजनीतिक विमर्श का हिस्सा हैं। पार्टी धारा 370, राम मंदिर, सर्जिकल स्ट्राइक और समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को राष्ट्रीय सुरक्षा और विकास से जोड़कर पेश कर रही है।

हालांकि, आम जनता की प्राथमिकताएं कुछ अलग नजर आती हैं। पहाड़ के गांवों में सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव, पलायन और आपदा प्रबंधन की चुनौती बरकरार है। मैदानी क्षेत्रों में भी परिवहन और रोजगार से जुड़ी समस्याएं लोगों को परेशान कर रही हैं। युवा नौकरी, किसान फसल सुरक्षा और महिलाएं अस्पतालों में डॉक्टरों की उपलब्धता को लेकर सवाल उठा रही हैं।

चुनाव विशेषज्ञ प्रो. जयंत रावत के अनुसार उत्तराखंड का मतदाता राष्ट्रीय मुद्दों को समझता है, लेकिन मतदान के समय सड़क, पानी, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे सवाल भी अहम भूमिका निभाते हैं।

दरअसल, प्रदेश के विकास के लिए राष्ट्रीय योजनाओं और स्थानीय जरूरतों के बीच संतुलन जरूरी है। ऑल वेदर रोड, रेल और पर्यटन परियोजनाओं के साथ गांवों में डॉक्टर, स्कूलों में शिक्षक और युवाओं के लिए रोजगार भी जरूरी हैं। चुनावी दलों को केवल नारों के बजाय यह बताना होगा कि वे इन जरूरतों को कैसे पूरा करेंगे। आखिरकार मतदाता को उलझाने से नहीं, उसके सवालों का जवाब देने से ही भरोसा हासिल होगा।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.