After Header-1

योगी की मां को श्रद्धांजलि देने हरिद्वार पहुंचे सीएम धामी, परिवार से मिलकर जताया दुख

हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता स्वर्गीय सावित्री देवी के निधन पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया। शनिवार को हरिद्वार पहुंचकर मुख्यमंत्री धामी ने दिवंगत सावित्री देवी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए इस कठिन समय में धैर्य और हिम्मत बनाए रखने की कामना की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन हर व्यक्ति के जीवन की सबसे बड़ी पूंजी होती है। मां का स्थान जीवन में कोई दूसरा नहीं ले सकता। उनका साया और आशीर्वाद परिवार के लिए हमेशा संबल बना रहता है। सावित्री देवी का निधन योगी आदित्यनाथ और उनके पूरे परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुख की घड़ी में वह शोकाकुल परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने बाबा केदार से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री धामी ने दिवंगत सावित्री देवी के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनके योगदान और परिवार के प्रति उनके स्नेह को स्मरण किया। इस दौरान उन्होंने योगी आदित्यनाथ एवं उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.