After Header-1

बक्सर में भीषण सड़क हादसा, कार-बाइक की टक्कर में छह युवकों की मौत

पटना। बिहार के बक्सर जिले में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। राजपुर थाना क्षेत्र के सोनपा गांव के पास कार और बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के गहमर थाना क्षेत्र के भतउरा गांव के पांच युवक कार से रामगढ़-मोहनिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सोनपा गांव की तरफ से तीन युवक बाइक पर सवार होकर मुख्य सड़क पर पहुंचे। तभी दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों पर सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के गहमर थाना क्षेत्र के भतउरा गांव निवासी इरफान अंसारी (25), अरबाज अंसारी (20) और बादल कुमार (30) के रूप में हुई है। वहीं, बाइक सवार तीन युवकों की भी इस हादसे में जान चली गई। इनमें उत्तर प्रदेश के उतरौली निवासी अरुण कुमार राजभर (21), राजपुर थाना क्षेत्र के सिकरौल गांव निवासी शिवम कुमार (18) और सॉरी गांव निवासी शुभम कुमार शामिल हैं।

ग्रामीणों के मुताबिक, कार में पांच और बाइक पर तीन युवक सवार थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। शुरुआती तौर पर चार युवकों की मौत की सूचना थी, जबकि अन्य घायलों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल दो युवकों की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। हादसे में छह युवकों की मौत से दोनों क्षेत्रों में शोक का माहौल है। एक ही दुर्घटना में छह परिवारों के चिराग बुझने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.