नई दिल्ली। भारत में चीतों की आबादी दोबारा स्थापित करने की मुहिम को बड़ी सफलता मिली है। बोत्सवाना से लाई गई ढाई साल की मादा चीता केओएमजी-3 ने शुक्रवार को जंगल में चार स्वस्थ शावकों को जन्म दिया। इस उपलब्धि के साथ ही देश में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 62 हो गई है। इनमें 43 चीते भारत की धरती पर जन्मे हैं। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से यह जानकारी साझा की।
केंद्रीय मंत्री ने इस उपलब्धि को प्रोजेक्ट चीता के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि भारत में चीतों की स्थायी आबादी विकसित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। खास बात यह है कि बोत्सवाना से लाई गई यह पहली मादा चीता है, जिसने भारतीय जंगल में शावकों को जन्म दिया है।
मंत्री के अनुसार, शावकों के जन्म से पहले मादा चीता चार महीने से अधिक समय तक जंगल में प्राकृतिक परिस्थितियों के बीच रही। यह वन्यजीव संरक्षण के प्रयासों और भारत के प्राकृतिक आवास में चीतों के अनुकूलन की दिशा में सकारात्मक संकेत है।
वर्ष 2022 में देश में चीता पुनर्वास कार्यक्रम की शुरुआत हुई थी। इसके बाद जंगल में शावकों के जन्म की यह दूसरी दर्ज घटना है। चार नए शावकों के जन्म से परियोजना से जुड़े वन्यजीव विशेषज्ञों और संरक्षणकर्मियों में उत्साह है।
भूपेंद्र यादव ने कहा कि प्रत्येक नया जन्म भारत में चीतों की आबादी को स्थायी रूप से स्थापित करने की उम्मीद को मजबूत करता है। वन्यजीव संरक्षण एक लंबी प्रक्रिया है, जिसमें धैर्य, निरंतर प्रयास और सामूहिक भागीदारी की अहम भूमिका होती है।
उन्होंने प्रोजेक्ट चीता से जुड़े प्रबंधकों, पशु चिकित्सकों, वन विभाग के कर्मचारियों और विशेषज्ञों के समर्पण की सराहना की। साथ ही कहा कि इन सभी के कठिन परिश्रम से भारत में चीता संरक्षण अभियान को नई दिशा मिल रही है।
चार नए शावकों का जन्म देश में चीता संरक्षण की मुहिम के लिए उत्साहजनक उपलब्धि माना जा रहा है। इससे भारत में चीतों की आबादी बढ़ाने की उम्मीदों को और मजबूती मिली है।

