मेलबर्न। ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर बल्लेबाज सैम हार्पर शनिवार को इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज करेंगे। पांच मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में उन्हें पदार्पण का मौका मिलेगा। राष्ट्रीय चयनकर्ता टोनी डोडेमाइड ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की। हार्पर अपने घरेलू मैदान मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) पर पहली बार ऑस्ट्रेलिया की राष्ट्रीय टीम की जर्सी में उतरेंगे।
29 वर्षीय हार्पर को नियमित विकेटकीपर जोश इंग्लिस की अनुपस्थिति में टीम में जगह मिली है। इंग्लिस न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज की तैयारी के कारण टी20 मुकाबलों से बाहर रहेंगे।
हार्पर ने पदार्पण को अपने लिए खास अवसर बताते हुए कहा कि विक्टोरिया के खिलाड़ी के रूप में एमसीजी पर अंतरराष्ट्रीय करियर शुरू करना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने खेल का आनंद लेने और अपने स्वाभाविक अंदाज में बल्लेबाजी करने पर ध्यान दिया है। इसी सोच ने उनके प्रदर्शन को बेहतर बनाया है।
हार्पर का हालिया प्रदर्शन शानदार रहा है। पिछले बिग बैश लीग सत्र में वह सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए थे। उन्होंने 54 की औसत से 381 रन बनाए थे। इसके अलावा श्रीलंका प्रीमियर लीग में गॉल गैलेंट्स की ओर से खेलते हुए 425 रन बनाए और टीम को खिताब दिलाने में अहम योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया ए की ओर से पदार्पण मैच में शतक लगाने के बाद उन्हें दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए टेस्ट टीम में भी जगह मिली थी।
दूसरी ओर, इंग्लैंड की टीम भी कुछ प्रमुख खिलाड़ियों के बिना मैदान में उतरेगी। तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन और सन्नी बेकर को आराम दिया गया है। कप्तान हैरी ब्रूक ने कहा कि टीम अच्छी लय में है और ऑस्ट्रेलिया में सीरीज जीतना उसका लक्ष्य है। उन्होंने युवा खिलाड़ियों को मौका मिलने की भी बात कही।
सीरीज का पहला मुकाबला 21 नवंबर को मेलबर्न में खेला जाएगा। इसके बाद दोनों टीमें 24 नवंबर को गोल्ड कोस्ट, 27 नवंबर को ब्रिस्बेन और 29 नवंबर को सिडनी में भिड़ेंगी। पांचवां मुकाबला एक दिसंबर को खेला जाना प्रस्तावित है।

