नई दिल्ली। महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में खिताब की दावेदारी मजबूत करने के लिए दिल्ली कैपिटल्स ने बड़ा फैसला लिया है। फ्रेंचाइजी ने श्रीलंका के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर और सफल कोच महेला जयवर्धने को अपनी महिला टीम का क्रिकेट निदेशक नियुक्त किया है। वह 2027 सत्र से अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे। शुक्रवार को फ्रेंचाइजी ने इसकी आधिकारिक घोषणा की।
जयवर्धने को टीम की क्रिकेट संबंधी सभी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। वह टीम की रणनीति तैयार करने, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान करने और खिलाड़ियों के साथ कोचिंग स्टाफ के विकास की दिशा में काम करेंगे। फ्रेंचाइजी को उम्मीद है कि उनके अंतरराष्ट्रीय अनुभव और रणनीतिक सोच से टीम के प्रदर्शन में सुधार होगा।
श्रीलंका के महान बल्लेबाजों में शुमार जयवर्धने ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 149 टेस्ट और 448 वनडे मुकाबले खेले हैं। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 11,814 और वनडे में 12,650 रन बनाए। वह श्रीलंका की कप्तानी भी कर चुके हैं और 2014 में टी-20 विश्व कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे। संन्यास के बाद उन्होंने कोचिंग में भी शानदार पहचान बनाई। आईपीएल में मुंबई इंडियंस को तीन बार चैंपियन बनाने में उनकी अहम भूमिका रही है।
दिल्ली कैपिटल्स के सह-मालिक किरण कुमार ग्रांधी ने कहा कि फ्रेंचाइजी महिला क्रिकेट में मजबूत और प्रतिस्पर्धी टीम तैयार करना चाहती है। जयवर्धने का अनुभव टीम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मददगार होगा।
वहीं, जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स के संस्थापक और दिल्ली कैपिटल्स के सह-मालिक पार्थ जिंदल ने उन्हें क्रिकेट का बेहतरीन रणनीतिकार बताते हुए कहा कि खिलाड़ी, कप्तान और कोच के रूप में उनका अनुभव टीम के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।
अपनी नियुक्ति पर जयवर्धने ने खुशी जताते हुए कहा कि दिल्ली कैपिटल्स की मजबूत पहचान और महिला क्रिकेट को लेकर उसकी सोच उन्हें प्रभावित करती है। उनका लक्ष्य टीम की मौजूदा खूबियों को मजबूत करना, प्रदर्शन में निरंतरता लाना और उसे डब्ल्यूपीएल खिताब का प्रबल दावेदार बनाना है।

