After Header-1

देहरादून में हत्याओं से दहशत, युवती के कातिलों को 48 घंटे में पकड़ने का अल्टीमेटम

देहरादून। राजधानी देहरादून में लगातार सामने आ रही हत्या और संदिग्ध मौत की घटनाओं ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। राणा की हत्या, रायपुर के तरला अधोईवाला क्षेत्र में गौरव बागड़ी की हत्या, डालनवाला में 15 वर्षीय अर्श अंसारी की मौत और प्रेमनगर के जामुनवाला जंगल में अज्ञात युवती का शव मिलने की घटनाओं को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी ने युवती के हत्यारों को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने की मांग करते हुए कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है और अपराधियों में पुलिस का खौफ समाप्त होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि राजधानी में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से आम नागरिकों में भय का माहौल है। खासकर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

पत्रकार वार्ता का संचालन करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एक ओर महिला कल्याण की योजनाओं का प्रचार कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर भाजपा विधायक दिलीप रावत पर महिलाओं का चरित्र हनन करने के आरोप लग रहे हैं। उन्होंने इसे सरकार के दोहरे चरित्र का उदाहरण बताया।

कांग्रेस नेताओं ने प्रेमनगर के जामुनवाला जंगल में मिले युवती के शव की पहचान तत्काल सार्वजनिक करने और हत्या के आरोपियों को दो दिन के भीतर गिरफ्तार करने की मांग की। इसके साथ ही अर्श अंसारी की मौत के मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक तथ्यों को सामने लाने की बात कही।

पार्टी ने लूट की घटनाओं में कथित तौर पर भाजपा से जुड़े लोगों की संलिप्तता और मामले से जुड़े पुलिस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। नेताओं ने पूछा कि संबंधित अधिकारी को जांच से अलग करने का कारण क्या है और आरोपियों को संरक्षण क्यों दिया जा रहा है।

कांग्रेस ने महिला अपराधों की रोकथाम के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने, संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने और पुलिस प्रशासन की जवाबदेही तय करने की मांग की। पार्टी ने चेतावनी दी कि 48 घंटे में युवती के हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो प्रदेशभर में आंदोलन किया जाएगा।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.