After Header-1

धीरेंद्र प्रताप का भाजपा पर हमला, बोले- जनता से धोखा कर रही सरकार

  देहरादून। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता धीरेंद्र प्रताप ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए उसे धोखेबाज करार दिया। देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने पिछले कई वर्षों से प्रदेश की जनता को झूठे वादों और घोषणाओं के सहारे गुमराह किया है।

धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों को नौकरी और पेंशन जैसी सुविधाएं कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में मिली थीं। इसके बाद भाजपा सरकार ने दस वर्षों से अधिक समय तक केवल आश्वासन, झूठी घोषणाएं और समितियां गठित कर आंदोलनकारियों को भ्रमित किया। आज भी बड़ी संख्या में आंदोलनकारियों का चिन्हीकरण नहीं हो पाया है, जबकि कई आंदोलनकारी न्याय की प्रतीक्षा करते हुए दुनिया से विदा हो चुके हैं। उन्होंने इसके लिए भाजपा की डबल इंजन और ट्रिपल इंजन सरकारों को जिम्मेदार ठहराया।

अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा की पूर्व नेत्री उर्मिला सनावर को नार्को टेस्ट के लिए गुजरात ले जाने की खबरें सामने आई हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब देहरादून में ही इस तरह के परीक्षण की सुविधा उपलब्ध है तो उन्हें गुजरात ले जाने की जरूरत क्यों पड़ रही है? उन्होंने इसे वीआईपी को बचाने की कथित साजिश से जोड़ते हुए मामले में निष्पक्ष न्याय की मांग की।

कोटद्वार विधायक दिलीप रावत की कथित बयानबाजी की भी उन्होंने कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि भगवा वस्त्र धारण करने वाले और महंत की भूमिका में रहने वाले व्यक्ति को मर्यादित भाषा का इस्तेमाल करना चाहिए। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के बयान का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी बातों को लेकर की जाने वाली बयानबाजी से प्रदेश की छवि खराब होती है।

कांग्रेस के भ्रष्टाचार विरोधी हस्ताक्षर अभियान पर उन्होंने बताया कि अब तक प्रदेशभर में एक लाख से अधिक हस्ताक्षर हो चुके हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित मंत्रियों रेखा आर्य, गणेश जोशी और डॉ. धन सिंह रावत पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए जांच की मांग उठाई। रेखा आर्य की संपत्ति को लेकर उनके पति के कथित बयान का हवाला देते हुए उन्होंने संपत्ति की निष्पक्ष जांच कराने की बात कही।

धीरेंद्र प्रताप ने दावा किया कि आगामी चुनाव में प्रदेश की जनता भाजपा सरकार को उसके कार्यों का जवाब देगी। प्रेस वार्ता में पूर्व राज्य मंत्री मनीष कुमार नागपाल और वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं राज्य आंदोलनकारी लाखीराम बिजल्वाण भी मौजूद रहे।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.